अटल ने झारखंड बनाया, प्रधानमंत्री मोदी इसे संवार रहे हैं : अमित शाह

Updated at : 09 May 2019 1:19 AM (IST)
विज्ञापन
अटल ने झारखंड बनाया, प्रधानमंत्री मोदी इसे संवार रहे हैं  : अमित शाह

धनबाद /जमशेदपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को धनबाद व जमशेदपुर में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग झारखंड राज्य बनाया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवारा. झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए एक बार फिर से केंद्र एवं राज्य में भाजपा की सरकार […]

विज्ञापन

धनबाद /जमशेदपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को धनबाद व जमशेदपुर में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग झारखंड राज्य बनाया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवारा. झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए एक बार फिर से केंद्र एवं राज्य में भाजपा की सरकार जरूरी है.

यूपीए सरकार के मुकाबले मोदी सरकार ने झारखंड के बजटीय सहायता राशि को छह गुना बढ़ा दिया. बुधवार को श्री शाह धनबाद में भाजपा प्रत्याशी पशुपतिनाथ सिंह व जमशेदपुर के एग्रिको मैदान में प्रत्याशी विद्युतवरण महतो के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं. उन्होंने कहा कि यह चुनाव दूसरे आम चुनाव से अलग है. देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने, अखंडता को बचाये रखने के लिए फिर से मोदी सरकार जरूरी है.
श्री शाह ने कहा कि महागठबंधन के लोगों ने वोट बैंक के लिए देश की सुरक्षा ताक पर रख दी. देश की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. चुनाव तो आते-जाते हैं, हारते-जीतते रहते हैं. लेकिन मां भारती की सुरक्षा में हम कोई कमी नहीं छोड़ते. उन्होंने कहा : नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला कहते हैं, कश्मीर में दूसरा प्रधानमंत्री चाहिए. वह कश्मीर को हिंदुस्तान से अलग करना चाहते हैं.
पर राहुल बाबा, हेमंत सोरेन सुन लो, अभी मोदी सरकार है, फिर बनने वाली है. पर सालों बाद कभी ऐसा दिन आया कि अगर भाजपा सत्ता में नहीं होगी, तो भी भाजपा कार्यकर्ता के रहते कश्मीर को हिंदुस्तान से अलग नहीं किया जा सकता. भाजपा के कार्यकर्ता जब तक जिंदा हैं, देश में दाे प्रधानमंत्री का सपना कभी पूरा नहीं होने देंगे. भाजपा कश्मीर से धारा 370 हटा देगी.. इसी तरह देश से राजद्रोह कानून समाप्त करने की यूपीए नेताओं के मंसूबे को भी भाजपा कार्यकर्ता पूरा होने नहीं देंगे. देश के हजार टुकड़े करने का नारा बुलंद करनेवालों को जेल में ही रहना होगा.
कांग्रेस अध्यक्ष पर जमकर बरसे : भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब पाकिस्तान में आतंकियों पर हवाई हमला हुआ तो दो ही जगह मातम मनाया जा रहा था. एक पाकिस्तान में और दूसरा कांग्रेस अध्यक्ष के दफ्तर में. लगता है आतंकवादी कांग्रेस अध्यक्ष के निकट संबंधी हैं. श्री शाह ने कहा 55 वर्ष तक देश में शासन करने के बाद भी कांग्रेस गरीबों की गरीबी नहीं मिटा पायी. मोदी सरकार ने पांच वर्ष में ही करोड़ों लोगों को गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य लाभ योजना दिया.
धनबाद की सभा में आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, भू-राजस्व मंत्री अमर बाउरी भी मौजूद थे. वहीं जमशेदपुर की सभा को मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महताे, विधायक मेनका सरदार, लक्ष्मण टुडू, साधु चरण महताे, रामचंद्र सहिस, डॉ दिनेशानंद गाेस्वामी, दीपक प्रकाश ने भी संबाेधित किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola