धनबाद-धनसार: भाजपा विधायक ढुलू महतो के समर्थक मनईटांड़ निवासी बलराम सिंह के बड़े भाई सत्येंद्र सिंह (45) की हत्या कर दी गयी है. कुम्हारपट्टी (मनईटांड़) में रविवार की रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले सत्येंद्र को धनसार पुलिस ने इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया था. प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच से सत्येंद्र को मिशन हॉस्पिटल दुर्गापुर रेफर कर दिया गया. दुगार्पुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
सरायढेला पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया. भाजपा विधायक राज सिन्हा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे. बलराम के भाई की हत्या की खबर पाकर बाघमारा विधायक ढुलू महतो मनईटांड़ (धनबाद) पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढाढ़स बंधाया. ढुलू काफी देर तक शोक संतप्त परिवारों के साथ रहे. वह शवयात्रा में भी शामिल हुए. सत्येंद्र की हत्या से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है.
बलराम ने पुलिस को दी गयी शिकायत में कहा है कि भाई के साथ मारपीट की सूचना पर वे लोग हनुमान मंदिर मनईटांड़ पहुचे जहां भाई सत्येंद्र सिंह घायल पड़े थे. तत्काल एक नर्सिंग होम ले गये. वहां से पीएमसीएच ले गये. पीएमसीएच से दुर्गापुर ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गयी. बलराम का कहना है कि अरुण मंडल समेत अन्य लोगों से उनके भाई सत्येंद्र का दुगार्पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद हुआ था. पूर्व से भी इन लोगों से दुश्मनी चल रही है. साजिश के तहत भाई को घर से बुलाकर हत्या की गयी है.
एक आरोपी को पकड़ पुलिस के हवाले किया : सत्येंद्र सिंह के छोटे भाई बलराम सिंह की शिकायत पर धनसार थाना में सोमवार को विकास सिंह, अरुण मंडल, अनिल मंडल, प्रदीप मंडल, मटुकधारी मंडल, सोनू मंडल, राजेश गुप्ता, विपिन राउत, छोटू राउत, नूनू राउत समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
बलराम सिंह व उनके परिचित ने विकास को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है. मनईटाड़ झारखंड ऑफिस निवासी सत्येंद्र सिंह का कुम्हार पट्टी के अरुण मंडल से 10 वर्षों से विवाद चल रहा था. शनिवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान दोनों में विवाद हो गया था. सत्येंद्र सिंह के भाई बलराम सिंह का आरोप है कि शनिवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान अरूण मंडल ने केस उठाने को कहा था अन्यथा जान मारने की धमकी दी थी. अरुण अवैध शराब की बिक्री करता है, जिसका विरोध सत्येंद्र हमेशा करता था.
घरों में ताला लगा भागा आरोपी परिवार : सत्येंद्र की हत्या के आरोपियों की खोज में धनसार पुलिस छापामारी कर रही है. गिरफ्तारी के भय से आरोपी पूरे परिवार के साथ घर में ताला जड़ कर फरार हैं. सत्येंद्र की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सत्येंद्र के भाई बलराम तो मर्माहत तो हैं ही उसकी पत्नी कंचन देवी, पुत्र रोशन, सम्राट व पुत्री जिया का रो-रो कर बुरा हाल है. धनसार थानेदार लखन राम का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर सत्येंद्र की हत्या कर दी गयी है. आरोपी की तलाश जारी है.
10 दिन में चार-चार हत्या
धनबाद : धनबाद शहरी इलाके में 12 से 21 अक्तूबर तक 10 दिन के अंदर चार-चार हत्या से पुलिस सक्रियता की पोल खुल गयी है. वैसे चारों हत्या के कारण अलग-अलग हैं. धनबाद थाना क्षेत्र में दो, बरवाअड्डा में एक व धनसार में एक व्यक्ति की हत्या हुई है. तीन हत्या की प्राथमिकी तो अज्ञात के खिलाफ दर्ज है.
बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल में चालक रामचंद्र प्रसाद की हत्या कर हाथ-पैर बांधकर शव को 12 अक्तूबर की रात सड़क किनारे फेंक दिया गया. पुलिस ने 13 अक्तूबर की सुबह लाहबनी झाड़ी में फेंके गये रामचंद्र का शव बरामद किया. रामचंद्र के बेटे राहुल ने मामले में साजिश के तहत अज्ञात लोगों द्वारा पिता की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. तेलीपाड़ा सिमलडीह के युवक होपन टुडू की 14 अक्तूबर की रात हत्या कर शव को बांसजोड़ी तालाब के पास फेंक दिया गया था. पुलिस ने 15 अक्तूबर को होपन का शव बरामद किया था. होपन के भाई ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के काशीटांड़ मोड़ में बिहार के मुंगेर जिला के रामनगर थाना क्षेत्र के नवागढ़ी निवासी बिनोद कुमार सिंह की 14 अक्तूबर की रात पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी. पुलिस ने 15 अक्तूबर को शव बरामद किया. बिनोद के साला पप्पू की शिकायत पर बरवाअड्डा थाना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज है. विधायक ढुलू के करीबी बलराम सिंह के भाई सत्येंद्र सिंह की मारपीट कर 21 अक्तूबर की रात हत्या कर दी गयी.