Dhanbad news : एसएनएमएमसीएच में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट दुरुस्त

Dhanbad news : पटना से आयी तकनीकी टीम की मरम्मत के बाद चार दिन बाद बहाल हुई ऑक्सीजन व्यवस्था, सोमवार से शुरू होंगे बड़े ऑपरेशन.
धनबाद, एसएनएमएमसीएच में खराब पीएसए ऑक्सीजन प्लांट चौथे दिन दुरुस्त कर लिया गया. पटना (बिहार) से आयी तकनीकी टीम ने लगातार मरम्मत के बाद रविवार को दिन के लगभग 10 बजे प्लांट को चालू कर अस्पताल प्रबंधन को हैंडओवर कर दिया. इसके साथ ही अस्पताल में पाइपलाइन के जरिये ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गयी. गुरुवार की शाम हुई तेज थंडरिंग के दौरान पीएसए प्लांट ब्रेकडाउन हो गया था. इसके बाद अस्पताल में गंभीर ऑक्सीजन संकट उत्पन्न हो गया. स्थिति ऐसी हो गयी थी कि पूरे अस्पताल की ऑक्सीजन व्यवस्था सिलिंडर और कंसंट्रेटर के भरोसे चलानी पड़ी.
व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में जुटा प्रबंधन
अस्पताल अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बताया कि पीएसए प्लांट पूरी तरह चालू हो चुका है और ऑक्सीजन आपूर्ति सामान्य हो गयी है. उन्होंने कहा कि सोमवार से अस्पताल में सभी तरह के बड़े और छोटे ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिए जाएंगे. अस्पताल प्रबंधन अब भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए ऑक्सीजन व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है.
ऑक्सीजन संकट से प्रभावित हुई स्वास्थ्य सेवाएं
ऑक्सीजन संकट के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं. शुक्रवार को सभी तरह के ऑपरेशन पूरी तरह बंद रहे. शनिवार को केवल छोटे ऑपरेशन किए गए, जबकि पहले से निर्धारित बड़े ऑपरेशन को स्थगित कर दिया गया था. इस बीच ऑक्सीजन की कमी के कारण एक युवक की मौत होने का आरोप भी सामने आया. जिसके बाद मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे. हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सिलिंडर और कंसंट्रेटर के जरिए मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध करायी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










