श्रावणी मेला की तैयारी बैठक में पहुंचे पर्यटन निदेशक, बाबा मंदिर में की पूजा-अर्चना
Published by : Sanjeev Mishra Updated At : 01 Jun 2026 8:01 PM
पूर्व डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने सोमवार को गर्भगृह में पंचोपचार विधि से पूजन किया. वह श्रावणी मेला की तैयारी बैठक के लिए देवघर पहुंचे थे. इस मौके पर मंदिर प्रशासन ने उन्हें सम्मानित किया
संवाददाता, देवघर . झारखंड के पर्यटन निदेशक व देवघर के पूर्व डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने सोमवार को बाबा वैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में भाग लेने देवघर पहुंचे श्री लकड़ा ने बाबा मंदिर में विशेष पूजा कर राज्य और जनकल्याण की कामना की. मंदिर पहुंचने पर मंदिर दारोगा आदित्य फलाहारी ने उन्हें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संकल्प कराया. इसके बाद उन्हें फिलपाया मार्ग से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराया गया, जहां उन्होंने बाबा वैद्यनाथ का पंचोपचार विधि से पूजन किया. पूजा के दौरान उन्होंने आरती में भी भाग लिया और श्रद्धा भाव से बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया. पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से सहायक प्रभारी संतोष कुमार ने पर्यटन निदेशक को अंगवस्त्र व बाबा वैद्यनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया. गौरतलब है कि नमन प्रियेश लकड़ा देवघर में डीसी के रूप में अपनी सेवाओं के दौरान श्रावणी मेला प्रबंधन और पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल कर चुके हैं. वर्तमान में पर्यटन निदेशक के रूप में वे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. इस अवसर पर दंडाधिकारी कमलेश कुमार, रमेश मिश्रा, सोना सिन्हा, शशि मिश्रा, रूपेश कुमार, सुबोध कुमार, भोला भंडारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










