देवीपुर: सड़क नहीं होने से ग्रामीण परेशान
Published by : SIVANDAN BARWAL Updated At : 01 Apr 2026 6:48 PM
धनरखखा गांव में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
देवीपुर. मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हुसैनाबाद पंचायत के धनरखखा गांव में अब भी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक गांव तक पहुंचने के लिए सड़क का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बताया गया कि गांव में आने-जाने के लिए उन्हें दूसरों की निजी जमीन से होकर गुजरना पड़ता है. बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब जमीन मालिक अपनी भूमि में फसल लगा देते हैं. ऐसे समय में ग्रामीणों का आवागमन लगभग बाधित हो जाता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर वे कई बार स्थानीय विधायक, प्रखंड प्रशासन और जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. समस्या जस की तस बनी हुई है. सिर्फ सड़क ही नहीं, बल्कि गांव में नाला की भी व्यवस्था नहीं है. इसके कारण घरों का गंदा पानी बीच रास्ते में बहता रहता है, जिससे अक्सर आपसी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। हल्की बारिश में ही गली कीचड़मय हो जाती है, जबकि अधिक बारिश होने पर मशीन के जरिए पानी हटाने की नौबत आती है. ग्रामीणों का कहना है कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण किया गया है, लेकिन धनरखखा गांव की लगातार उपेक्षा समझ से परे है. उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क और नाला निर्माण की मांग की है, ताकि उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










