Deoghar News : एटीएम में फिर फंसा कार्ड, मदद के बहाने खाते से 1.05 लाख रुपये की अवैध निकासी
Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 05 Dec 2025 7:46 PM
एटीएम में कार्ड फंसना एक छात्र को भारी पड़ गया और मदद के बहाने उनके खाते से 1.05 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गयी. इनमें से 26000 रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग भी की गयी है.
वरीय संवाददाता, देवघर : एटीएम में कार्ड फंसना एक छात्र को भारी पड़ गया और मदद के बहाने उनके खाते से 1.05 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गयी. इनमें से 26000 रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग भी की गयी है. घटना चार दिसंबर की शाम की बतायी जा रही है. पीड़ित ने साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की मांग की है. जानकारी के अनुसार, शहर के बैजनाथपुर मुहल्ले में किराये पर रहकर पढ़ाई करने वाला छात्र बिहार के बांका जिले के कटली गांव निवासी आयुष चौधरी अपनी मां के केनरा बैंक एकाउंट के एटीएम कार्ड से रिखिया के महेशमारा विदेशी चौक स्थित एसबीआइ एटीएम में पैसा निकालने पहुंचा. उसने जैसे ही मशीन में एटीएम कार्ड डाला वह फंस गया. काफी कोशिश के बावजूद कार्ड नहीं निकला, तो वहीं अंदर में कागज पर चिपके हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया. अपनी समस्या बतायी, तो कॉल रिसिव करने वाले ने कहा कि कुछ देर में मशीन खोलकर कार्ड निकाल देंगे. इसके बाद उसने कहा कि दो नंबर बता रहे हैं, उसको मिलाकर पिन डालिये. पिन डालने से उन्होंने इंकार किया, तो खुद को एटीएम स्टाफ बताकर विश्वास में लिया. इसके बाद उसे बैंक जाकर शिकायत देने को कहा. एटीएम काउंटर से उसके निकलते ही कुछ देर में दो बार में 10-10 हजार रुपये निकासी की गयी. साथ ही करीब 26000 का ऑनलाइन शॉपिंग भी कर लिया. इसके करीब 15 मिनट के अंदर एकाउंट से कुल 105000 की निकासी कर लिया. इस दौरान कुल आठ से 10 ट्रांजैक्शन किये गये हैं. रुपये निकासी का मैसेज मिलते ही तुरंत वह वापस लौटा, तो वहां एटीएम काउंटर के अंदर कोई नहीं मिला. वहीं उसका एटीएम कार्ड भी गायब था. घटना के बाद तुरंत साइबर थाना पहुंचकर उसने शिकायत दी. शुक्रवार को बैंक पहुंचकर मामले की सूचना दी और लिखित शिकायत देने साइबर थाना पहुंचा.
एटीएम में कार्ड फंसने की लगातार हो रही घटनाएं
चार दिसंबर :
नगर थाना क्षेत्र के बावनबीघा मुहल्ला निवासी महेश प्रसाद चौरसिया दीनबंधु स्कूल के पास पीएनबी एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे. कार्ड फंस गया और खाते से तीन बार में 30,000 रुपये की अवैध निकासी हो गयी.16 नवंबर :
दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र के चेहरबनी गांव निवासी मजदूर सहदेव मरांडी जसीडीह बाजार स्थित एसबीआइ एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे. कार्ड मशीन में फंस गया और खाते से चार बार में 65,200 रुपये की निकासी हो गयी.20 नवंबर :
नगर थाना क्षेत्र, तिवारी चौक स्थित एसबीआइ एटीएम में बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मी बचनदेव पाठक का कार्ड फंस गया. इसके बाद उनके खाते से 29,000 रुपये की अवैध निकासी हो गयी.31 अक्तूबर :
जसीडीह थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर मोड़ स्थित एसबीआइ एटीएम में रिटायर्ड रेलकर्मी शंभूनाथ मुर्मू का कार्ड मशीन में फंस गया. इसके बाद ठगों ने उनके खाते से 1,15,400 रुपये की अवैध निकासी कर ली.हाइलाइट्स
महेशमारा विदेशी चौक स्थित एसबीआइ एटीएम काउंटर की घटना, पीड़ित ने साइबर थाने में दी शिकायतफर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना भारी पड़ा
बैजनाथपुर में रह रहा बिहार निवासी छात्र हुआ साइबर ठगी का शिकारबिना गार्ड वाले एटीएम को साइबर ठग बना रहे निशाना
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










