पूर्वांचल एक्सप्रेस से घर लौट रहा छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, तीसरे दिन भी सुराग नहीं

Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 27 May 2026 7:09 PM

विज्ञापन

लापता छात्र की तस्वीर

Gopalganj News : लापता छात्र मामले में विशेष टीम गठित, गोपालगंज–यूपी पुलिस संयुक्त जांच में जुटी

विज्ञापन

Gopalganj News (राकेश कुमार) : उत्तर प्रदेश के मऊ स्थित जामिया अमजदिया घुसी मदरसे का 20 वर्षीय छात्र मोहम्मद फैजान रजा पूर्वांचल एक्सप्रेस से घर लौटने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया. घटना के तीसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है. फैजान फुलवरिया थाना क्षेत्र के चुरामन चक भटवलिया गांव के शिक्षक मोहम्मद इम्तियाज अहमद शाह उर्फ आतिश गोपालगंजवी का इकलौता पुत्र है. उसकी सलामती के लिए मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर दुआएं मांगी जा रही हैं. वहीं इकलौते बेटे के गम में मां की हालत गंभीर बनी हुई है.

“ट्रेन में मार रहे हैं…” मैसेज के बाद छात्र लापता, परिवार में दहशत

परिजनों के मुताबिक फैजान सोमवार सुबह 5:40 बजे मऊ स्टेशन से पूर्वांचल एक्सप्रेस पकड़कर भटनी जंक्शन के लिए रवाना हुआ था. सुबह 7:06 बजे बिल्थरा रोड और सलेमपुर जंक्शन के बीच उसने अपने पिता के मोबाइल पर एक खौफनाक मैसेज भेजा. अबू लड़ाई हो गई है, ट्रेन में मार रहे हैं, मैं छिपकर मैसेज कर रहा हूं. इस मैसेज को देखते ही पिता ने तुरंत फोन मिलाया, लेकिन फैजान का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. इस खौफनाक मैसेज के बाद से ही पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है.

तकनीकी इनपुट से जांच तेज की गई

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने फुलवरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई. छात्र की खोजबीन के लिए गोपालगंज से लेकर यूपी पुलिस तक अलर्ट पर है. फैजान के चाचा ने बताया कि वे लोग मऊ से लेकर भटनी जंक्शन के बीच पड़ने वाले हर छोटे-बड़े स्टेशन और चौराहों की खाक छान रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. इधर फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है. तकनीकी इनपुट और रेल पुलिस की मदद से सघन जांच जारी है. थानाध्यक्ष ने दावा किया कि जल्द ही छात्र मोहम्मद फैजान रजा को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.

Also Read : महनार नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, प्रशासन ने जारी किया कार्यक्रम

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन