देवघर में लकड़ी मिल में लगी आग, कड़ी मशक्कत से पाया काबू, करीब 14 लाख का नुकसान

लकड़ी मिल में लगी आग बुझाते दमकलकर्मी
देवघर जिले के जसीडीह के आरोग्य भवन के समीप स्थित लकड़ी मिल में अचानक आग लग गयी. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इसमें करीब 14 लाख का नुकसान हुआ है.
देवघर/जसीडीह: झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह के आरोग्य भवन के बगल में स्थित राय वुड वर्क्स नामक लकड़ी मिल में अचानक आग लग गयी. घटना में लकड़ी मिल की मशीन समेत पूरा फांडेशन, शेड आदि जल गये. मिल मालिक मुन्ना कुमार राय ने करीब 14 लाख रुपये की क्षति का दावा किया गया है. घटना की सूचना पाकर चार दमकल के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मी आग बुझाने पहुंचे. बुधवार रात करीब दो बजे से आग बुझाना शुरू किया गया और करीब आठ घंटे में ऑपरेशन पूरा हुआ. सुबह 10 बजे लकड़ी मिल की आग अग्निशमन विभाग के कर्मियों द्वारा पूरी तरह से बुझायी जा सकी.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
लकड़ी मिल में लगी आग बुझाने में अग्निशमन विभाग को करीब 15 दमकल पानी खर्च हुआ. जिला अग्निशमन प्रभारी गोपाल यादव ने बताया कि लकड़ी मिल की मशीन सहित मिल में रखी 10 प्रतिशत लकड़ी व अन्य सामान जल गये. मिल की 90 प्रतिशत लकड़ियों व आसपास के मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया. जानकारी के मुताबिक, उक्त लकड़ी मिल में बुधवार देर रात करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात कही जा रही है. इसकी सूचना अग्निशमन कार्यालय को दी गयी. पहले तो आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थी. एक-एक कर चार दमकल के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मी पहुंचे. दमकल में पानी खत्म होता था और वे लोग तुरंत भरकर आते थे. देखते-देखते सुबह के 10 बज गये और कुल 15 दमकल पानी आग को बुझाने में लगे. कड़ी मशक्कत से अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने आग को बुझाने में सफलता पायी.
करीब 14 लाख का नुकसान
इस संबंध में मिल मालिक मुन्ना कुमार राय ने 14 लाख रुपये की क्षति का दावा किया है. लकड़ी मिल की आग को बुझाने में जिला अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव सहित दिनकर देव, धनंजय कुमार, जीतराम उरांव, नवीन कुमार सिंह, वीरेंद्र मुंडा, राजीव रंजन लगे रहे. पहले मिल वालों व आसपास के लोगों की मदद से लकड़ी मिल में लगी आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे लोग काबू नहीं पा सके तो अग्निशमन विभाग को सूचित किया.
आग लगने पर डायल 112 व अग्निशमन के नंबर पर करें कॉल
जिला अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव ने कहा कि आग लगने की घटना पर लोग डायल-112 सहित अग्निशमन विभाग देवघर कार्यालय के नंबर 9304953442 पर कॉल कर सूचना दे सकते हैं. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के कर्मी तुरंत दमकल के साथ घटनास्थल पहुंचकर आग बुझाने में जुट जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




