Deoghar News : फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर करते थे साइबर ठगी, एक किशोर समेत 12 पकड़ाये
Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 21 Mar 2025 7:08 PM
साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर मोहनपुर थानांतर्गत स्टेडियम के समीप झाड़ियों में छापेमारी की. इस दौरान 11 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया.
वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर मोहनपुर थानांतर्गत स्टेडियम के समीप झाड़ियों में छापेमारी की. इस दौरान 11 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया. ये सभी फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर 11 आरोपितों को कोर्ट में पेश कराया गया तथा कोर्ट के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं निरुद्ध किये गये किशोर को जेजे बोर्ड में पेश कराया गया तथा बोर्ड के निर्देश पर उसे बाल सुधार गृह दुमका पहुंचाया गया. पुलिस मीडिया सेल ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार आरोपितों में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के महापुर गांव निवासी मोईद अंसारी, सारठ थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी सफाकत अंसारी, समसुल अंसारी, खागा थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव निवासी पिंटू कुमार मंडल, पालोजोरी थाना क्षेत्र के पहरुडीह गांव निवासी सिद्दिक अंसारी, देवीपुर थाना क्षेत्र के पिपरबदिया गांव निवासी रंजीत दास, सधवाडीह गांव निवासी आकाश कुमार दास, प्रकाश दास, महेंद्र कुमार दास, पथरड्डा ओपी क्षेत्र के बोचबांध गांव निवासी दीपक कुमार दास व सत्येंद्र दास शामिल हैं. इन आरोपितों के पास से छापेमारी टीम द्वारा 12 मोबाइल सहित 22 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड व चार प्रतिबिंब टारगेटेड सिमकार्ड जब्त किये गये. जांच में इनलोगों के पास से बरामद चार मोबाइल नंबरों के खिलाफ प्रतिबिंब एप व आठ मोबाइल नंबराें के विरुद्ध जेएमआइएस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं. पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे फर्जी क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर फर्जी मोबाइल नंबर से उपभोक्ताओं को कॉल कर झांसे में लेते थे व केवाइसी अपडेट कराने के नाम पर ठगी करते थे. इसके अलावा फर्जी बैंक व कस्टमर अधिकारी बनकर भी ग्राहकों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करते हैं. छापेमारी टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर कृष्णदत्त झा सहित एसआइ अजय कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे. हाइलाइट्स -12 मोबाइल सहित 22 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड व चार प्रतिबिंब टारगेटेड सिम कार्ड जब्त -जब्त चार मोबाइल नंबरों के खिलाफ प्रतिबिंब एप व आठ मोबाइल नंबराें के विरुद्ध जेएमआइएस पोर्टल पर मिली ऑनलाइन शिकायत -मोहनपुर थानांतर्गत स्टेडियम के पास झाड़ी में गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










