सर्पदंश से सुरक्षा गार्ड की मौत शव के साथ पावर प्लांट घेरा

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Jun 2018 6:08 AM

विज्ञापन

देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित सोलर पावर प्लांट में ड्यूटी के दौरान सिक्युरिटी गार्ड रमेश यादव (30) को सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे सांप ने डस लिया. जिससे मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गयी. मृतक रमेश मोहनपुर थाना क्षेत्र के रूपायडीह गांव का रहनेवाला था. घटना से आक्रोशित परिजनों […]

विज्ञापन
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित सोलर पावर प्लांट में ड्यूटी के दौरान सिक्युरिटी गार्ड रमेश यादव (30) को सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे सांप ने डस लिया. जिससे मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गयी. मृतक रमेश मोहनपुर थाना क्षेत्र के रूपायडीह गांव का रहनेवाला था. घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मंगलवार सुबह में उसके शव के साथ प्लांट को घेर लिया तथा करीब चार घंटे तक हंगामा किया.
प्लांट कर्मियों ने अस्पताल के बजाय पहुंचा दिया घर
जानकारी के अनुसार, रमेश यादव रविवार रात को सीबी वाटर पंप पोस्ट पर ड्यूटी करने गया. उसी क्रम में सोमवार अहले सुबह उसे जहरीले सांप ने डस लिया. इसकी जानकारी रमेश ने प्लांट के कर्मियों व पदाधिकारी को दी थी, बावजूद उसे किसी ने अस्पताल नहीं पहुंचाया. हद तब हुई, जब प्लांट कर्मियों ने उसे इलाज कराने के बजाय घर भेजवा दिया. इसके बाद परिजन उसे गांव में ही दुबे बाबा मंदिर ले गये. सोमवार दिन भर व रात भर रमेश को दुबे बाबा मंदिर में ही रखा गया. इसके बाद मंगलवार सुबह में उसकी स्थिति बिगड़ी और मौत हो गयी.
प्लांट वालों की बतायी लापरवाही, मांगा मुआवजा
रमेश के मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम छा गया. इसके बाद परिजनों के साथ आसपास कई गांवों के ग्रामीण पहुंचे और रमेश के शव के साथ सोलर प्लांट घेरने पहुंचे. इस दौरान सोलर प्लांट के अधिकारियों-कर्मियों की लापरवाही बताते हुए ग्रामीणों ने मृतक परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की. ग्रामीण काफी उग्र होकर प्लांट कर्मियों पर विरोध जताने लगे. ग्रामीणों का रुख देख कर प्लांट कर्मियों ने पीछे हटने में ही भलाई समझी.
ग्रामीणों का कहना था कि प्लांट के अधिकारियों, कर्मियों की लापरवाही से ही रमेश की जान चली गयी. घटना की जानकारी पाकर विधायक नारायण दास, मोहनपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी एके टोपनो, नगर थाने के एएसआइ रामानुज सिंह, बीस सूत्री सदस्य किरण मोदी, मुखिया हिमांशु शेखर यादव, आजसू नेता विनय यादव, विभूति झा, प्रेम यादव सोलर प्लांट पहुंचे. उग्र ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. सोलर प्लांट द्वारा पांच लाख रुपये व एसआइएस सिक्युरिटी द्वारा करीब छह लाख रुपये मुआवजा दिलाने व बच्चों के पढ़ाई खर्च का आश्वासन दिया गया.
तत्काल एसआइएस के मैनेजर ने दाह संस्कार समेत अन्य खर्च के लिए मृतक के परिजन को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया. सहमति बनने के बाद पुलिस ने रमेश के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके पर विधायक नारायण दास ने कहा कि प्रावधान के तहत सिक्युरिटी कंपनी द्वारा मृतक की पत्नी को पेंशन भी दिया जायेगा.
देखिये श्रम मंत्री जी, सोलर प्लांट में नहीं है मेडिकल की व्यवस्था
देखिये, श्रम मंत्री जी आपके जिले में इतने बड़े सोलर पावर प्लांट है, जहां मेडिकल की कोई व्यवस्था नहीं है. वहां एंबुलेंस का भी कोई बंदोबस्त नहीं है. कोई भी घटना होने पर समय से इलाज के लिए नहीं भेजा जा सकता है. सोलर प्लांट में 14 मेगावाट बिजली उत्पादन होता है और वहां करीब सौ कर्मी कार्यरत हैं. रोशनी की भी व्यवस्था नहीं रहती. प्लांट में काफी झाड़ी उग आयी है. आवास में बिल बने हैं. जिससे सांप-बिच्छू का खतरा लगा रहता है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola