मधुपुर आज चुनेगा अपने नगर की सरकार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 16 Apr 2018 7:47 AM

विज्ञापन

मधुपुर : नगर पर्षद आम चुनाव 2018 की प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गयी है. चुनाव को लेकर कर्मियों को स्थानीय डाकबंगला मैदान में इवीएम के साथ अन्य चुनाव सामग्री का वितरण किया गया. मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने सारी तैयारी पूरी कर ली है. उन्होंने […]

विज्ञापन
मधुपुर : नगर पर्षद आम चुनाव 2018 की प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गयी है. चुनाव को लेकर कर्मियों को स्थानीय डाकबंगला मैदान में इवीएम के साथ अन्य चुनाव सामग्री का वितरण किया गया. मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने सारी तैयारी पूरी कर ली है. उन्होंने कहा कि मधुपुर में 23 वार्ड के लिए 46 मतदान केंद्र बनाये गये है.
सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया जायेगा. इसके लिए उन्होंने चुनाव कर्मियों को शुभकामना दी. डाक बंगला प्रांगण से चुनाव सामग्री लेकर मतदान के लिए चुनाव कर्मियों के रवाना होने के पहले उपायुक्त ने यह बातें कहीं. उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. पूरे नगर क्षेत्र को दो जोन व सात सेक्टर में बांटा गया है. दोनों जोन व सभी सेक्टर में जोनल व सेक्टर प्रभारी के साथ सशस्त्र बल की नियुक्ति कर दी गयी है.
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव कर्मी मतदान के समय निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश का पालन करें. साथ ही यह भी ध्यान रखें कि विधि व्यवस्था की संधारण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो. उन्होंने कहा कि मतदान कार्य शुरू होने से पूर्व तथा मतदान कार्य समाप्त होने के पश्चात पीठासीन पदाधिकारी व मतदान कर्मी इवीएम को स्ट्रांग रूम पर पहुंचाना सुनिश्चित करें. इसके पूर्व प्रत्याशियों के चुनाव एजेंट के समक्ष इवीएम मशीन को सील गंतव्य स्थल के लिए रवाना किया जायेगा.
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से चुनाव कर्मी व पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है. उन्होंने स्थानीय पुलिस पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाये. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए पथलचपटी, पिपरासोल, पाथरोल, पटवाबाद व लालगढ़ में बैरिकेडिंग कर दंडाधिकारी व सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
बूथ तक इवीएम व मतदान कर्मियों को पहुंचाने के लिए 29 वाहनों का उपयोग जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है. मौके पर डीडीसी सुशांत गौरव, अपर समाहर्ता सह वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग देवघर अंजनी कुमार दुबे, एसडीओ नंद किशोर लाल, एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, बीडीओ मधुपुर रश्मि रंजन, करौं बीडीओ अमलजी, सारठ बीडीओ निशा कुमारी, इंस्पेक्टर इंचार्ज मधुपुर विनोद कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
आज इवीएम में बंद होगा 129 प्रत्याशियों का भाग्य
मधुपुर. नगर पर्षद चुनाव में 129 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सोमवार को इवीएम में कैद हो जायेगा. 37 हजार 208 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 19 हजार 635 पुरुष व 17 हजार 573 महिला मतदाता हैं. अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक दल व निर्दलीय मिला कर कुल आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए नौ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.
23 वार्ड पार्षद सीटों के लिए कुल 112 प्रत्याशी अपना भाग्य अाजमा रहे हैं. चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है. चुनाव में पैसे का खेल नहीं हो, इसको लेकर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है. रविवार देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया गया. सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा और शाम पांच बजे समाप्त होगा.
मधुपुर में बनाये गये हैं छह आदर्श बूथ
मधुपुर. नगर पर्षद चुनाव में छह आदर्श बूथ बनाये गये है. इनमें वार्ड संख्या दो में संत जोसेफ उच्च विद्यालय के दोनों भाग में बनाये गये मतदान केंद्र, वार्ड संख्या 17 में स्थित नगर पर्षद कार्यालय के दोनों भाग में बने मतदान केंद्र व वार्ड संख्या 22 में महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के दोनों भाग में बने मतदान केंद्र को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है. इन सभी मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में चिह्नित किया गया है. इन केंद्रों पर बिजली व शौचालय की व्यवस्था के साथ-साथ कर्मियों व मतदाताओं के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध करायी गयी है. वहीं मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए आकर्षक पंडाल भी लगाये गये हैं.
सेक्टर अधिकारियों के साथ एसडीपीओ ने की बैठक
मधुपुर : नप चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से कराये जाने को लेकर एसडपीओ अशोक कुमार सिंह ने रविवार को अपने कार्यालय में दो जोन व सात सेक्टर में प्रतिनियुक्त किये गये पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष ढंग से कराने में अधिकारी अपना सहयोग दें. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है. साथ ही सभी को एक दूसरे से सामंजन बना कर कार्य करने का निर्देश दिया है. बताते चलें कि शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने को लेकर पूरे नगर पर्षद क्षेत्र को दो जोन व सात सेक्टर में बांटा गया है.
उप विकास आयुक्त सुशांत गौरव जोन एक के जोनल प्रभारी बनाये गये है. इनके अधीन सेक्टर 1 से 3 होगा. जबकि अपर समाहर्ता अंजनी कुमार दुबे को जोन दो के जोनल पदाधिकारी बनाये गये हैं. इनके जिम्मे सेक्टर चार से सात होंगे. सेक्टर एक में बीडीओ सारठ निशा कुमारी, सेक्टर दो में सीओ सारठ धनंजय पाठक, सेक्टर तान में बीडीओ पालोजोरी विनय कुमार राय, सेक्टर चार में सीओ पालोजोरी पंकज कुमार, सेक्टर पांच में कार्यपालक दंडाधिकारी अनंत कुमार झा, सेक्टर छह में करौं बीडीओ अमलजी, सेक्टर सात में मधुपुर बीडीओ रश्मि रंजन को सेक्टर पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है.
सभी सेक्टर व जोन में पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है. बैठक में मधुपुर इंस्पेक्टर इंचार्ज विनोद कुमार, चितरा थाना प्रभारी कैलाश प्रसाद, सारठ थाना प्रभारी एनडी राय, पालोजोरी थाना प्रभारी नवीन सिंह, करौं थाना प्रभारी दुष्यंत सिंह के अलावा जिला से आये अधिकारी मौजूद थे.
जारी किये गये नियंत्रण कक्ष के नंबर
मधुपुर. नगर पर्षद चुनाव को लेकर अनुमंडल कार्यालय परिसर में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है. किसी भी तरह की सूचना देने के लिए प्रशासन ने दो मोबाइल नंबर जारी किये गये है. एसडीओ नंद किशोर लाल ने बताया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या मशीन खराबी की सूचना मोबाइल संख्या 9939758359 व 9334927533 पर दी जा सकती है.
उन्होंने कहा कि भयमुक्त व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है. सभी संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथो पर 2/8 व 1/4 पुलिस अधिकारी व पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये हैं. इसके अलावा चलंत दंडाधिकारी व पुलिस बल भी चुनाव कार्य में लगाये गये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola