मुआवजा घोटाला : ACB जांच में कोडरमा के पूर्व भू-अर्जन पदाधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप
Published by : Priya Gupta Updated At : 13 Jun 2026 11:31 AM
एसीबी मुख्यालय
Ranchi News : रांची से जुड़े कोडरमा-रांची रेल परियोजना मुआवजा मामले में एसीबी जांच में तत्कालीन भू-अर्जन पदाधिकारी शारदानंद देव पर कथित अनियमितता और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप सामने आए हैं. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
कोडरमा-रांची रेल परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान मुआवजा वितरण में कथित गड़बड़ी और कमीशन लेने के मामले में कोडरमा के तत्कालीन भू-अर्जन पदाधिकारी शारदानंद देव के खिलाफ एसीबी जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं. जांच एजेंसी के अनुसार, शारदानंद देव पर मुआवजा राशि देने में गड़बड़ी करने और लाभुकों से 10 से 25 प्रतिशत तक कमीशन लेने का आरोप है. एसीबी का कहना है कि इससे आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका है. जांच में बताया गया कि 1 मार्च 2014 से 31 जनवरी 2016 के बीच उनकी वैध आय 16.47 लाख रुपये थी, जबकि इसी अवधि में खर्च और निवेश 90.27 लाख रुपये पाया गया. जांच एजेंसी के अनुसार यह राशि उनकी आय की तुलना में काफी अधिक है.
शिकायत मिलने के बाद शुरू हुई जांच
इस मामले की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी. कोडरमा-रांची रेल परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान कुश्मा देवी नाम की एक महिला ने आरोप लगाया कि मुआवजा मिलने के बाद बैंक खाता खुलवाने के नाम पर उससे कई कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए और बाद में उसके खाते से कुछ राशि निकाल ली गई.
बैंक खाते और जमीन खरीद की भी हुई जांच
एसीबी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2014-15 में शारदानंद देव, उनकी पत्नी सुधा देव, कथित पत्नी सुमित्रा देवी और अन्य संबंधित खातों में 54 लाख रुपये से अधिक जमा किए गए. जांच में यह भी सामने आया कि इसी अवधि में परिवार के नाम पर करीब 20.76 लाख रुपये की जमीन खरीदी गई. वहीं बेटी स्मिता देव के नाम पर भी जमीन खरीदने की जानकारी मिली.
चास में मकान और आगे की कार्रवाई
जांच के दौरान बोकारो के चास क्षेत्र में एक तीन मंजिला मकान होने की जानकारी भी सामने आई, जिस पर करीब 75 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. एसीबी अब बैंक लेन-देन, संपत्ति और कथित कमीशन से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है. आने वाले समय में मामले में आगे कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
यह भी पढ़ें: झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बारिश में नहीं रुकेगा सफर, NHAI ने शुरू किया ड्रेनेज सफाई का विशेष अभियान
यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू
यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम: बायोमेट्रिक व्यवस्था के विरोध में सेल प्रबंधन का पुतला दहन करेगी संयुक्त यूनियन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Priya Gupta
प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










