जमशेदपुर: पुलिसकर्मी बनकर एडवोकेट से ठगी की कोशिश, पकड़े जाने के डर से भागे बदमाश

पुलिसकर्मी बन ठगी की कोशिश सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
Jamshedpur News: जमशेदपुर में पुलिस इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने वाले बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वरिष्ठ अधिवक्ता को अपना शिकार बनाने की कोशिश की. लेकिन अधिवक्ता विद्या सिंह ने उनकी चाल तुरंत भांप ली. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
जमशेदपुर से संजीव की रिपोर्ट
Jamshedpur News: जमशेदपुर शहर में खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले शातिर ठगों ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता विद्या सिंह को अपना शिकार बनाने की कोशिश की. लेकिन अधिवक्ता ने अपनी कानूनी समझ और सूझबूझ से तुरंत ठगों की चाल को समझ लिया. इसके बाद पकड़े जाने के डर से ठग तुरंत मौके से फरार हो गए.
कोर्ट से लौट रहे थे अधिवक्ता, बुलेट सवारों ने रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार, कोर्ट से काम निपटाकर वरिष्ठ अधिवक्ता विद्या सिंह मोटरसाइकिल से मानगो स्थित अपने घर लौट रहे थे. मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास एक बुलेट पर सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे. अधिवक्ता जैसे ही मानगो पुल पार कर आगे बढ़े, बुलेट सवारों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका. कुछ दूरी पर ही मानगो यातायात पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. बाइक चला रहे युवक ने पीछे बैठे व्यक्ति की तरफ रौब से इशारा करते हुए कहा कि ये हमारे बड़ा बाबू (इंस्पेक्टर) हैं. इसके तुरंत बाद पीछे बैठे तथाकथित इंस्पेक्टर ने डराने वाले लहजे में कहा कि आगे क्षेत्र में एक बड़ी हत्या हो गई है. माहौल बहुत खराब है, आपको डर नहीं लगता. अपनी सोने की चेन और अंगूठी उतारकर चुपचाप रख लीजिए, नहीं तो कुछ भी अनहोनी हो सकती है. इस पर अधिवक्ता विद्या सिंह ने कहा कि तुम शायद मुझे नहीं पहचानते. मैं एक अधिवक्ता हूं और किसी से नहीं डरता. इसके बाद दोनों बदमाश तुरंत अपनी बुलेट पर सवार होकर वहां से भाग गए.

कद-काठी से दिख रहे थे असली पुलिसवाले
अधिवक्ता विद्या सिंह ने बताया कि अचानक हुई बातचीत से वे पल भर के लिए हैरान रह गए. दोनों बदमाशों की कद-काठी लंबी-चौड़ी और रंग गोरा था और वे दिखने में बिल्कुल पुलिसवाले ही लग रहे थे.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुई ठगी के प्रयास की सूचना मिलते ही साकची और बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत रेस हो गई. पुलिस टीम ने मानगो पुल, बस स्टैंड गोलचक्कर और घटनास्थल के आस-पास की दुकानों व चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला. पुलिस बुलेट सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है.
लगातार हो रही हैं ठगी की वारदातें
खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बुजुर्गों को डराने और उनके जेवर ठगने वालों ने जमशेदपुर पुलिस की नींद उड़ा रखी है. आशंका है कि यह ईरानी गिरोह का काम है. इस गिरोह ने पिछले कुछ दिनों में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया है. पिछले दिनों जुगसलाई में बुजुर्ग से छह लाख, बिष्टुपुर में बुजुर्ग महिला से दो लाख और साकची में 2.15 लाख रुपये के गहनों की ठगी कर फरार हो गए थे.
यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू
यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम: बायोमेट्रिक व्यवस्था के विरोध में सेल प्रबंधन का पुतला दहन करेगी संयुक्त यूनियन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










