Chaibasa News :स्थानीय युवाओं के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : आलम
Published by : AKASH Updated At : 11 Dec 2025 12:09 AM
मेघाहातुबुरु खदान में बाहरियों की भर्ती के विरोध में मजदूरों ने किया प्रदर्शन
प्रतिनिधि,गुवा
गुवा के बाद अब मेघाहातुबुरु खदान में भी बाहरी लोगों की भर्ती का विरोध तेज हो गया है. इसी मुद्दे को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने बुधवार को मेघाहातुबुरु जनरल ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन करते हुए खदान प्रबंधन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया. सुबह से ही बड़ी संख्या में मजदूर बैनर और तख्तियों के साथ कार्यालय के बाहर जमा हुए, जिसके बाद पूरे परिसर में स्थानियों को उनका हक दो, बाहरी भर्ती बंद करो जैसे नारे गूंजते रहे. इस दौरान यूनियन महासचिव आफताब आलम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेघाहातुबुरु खदान में बाहरी लोगों की बहाली किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जायेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन ने इस पर रोक नहीं लगायी तो यूनियन आर-पार की लड़ायी के लिए तैयार है. आलम ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय युवाओं के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जायेगी. प्रदर्शन के उपरांत यूनियन ने सेल प्रबंधन को चार सूत्री मांग पत्र सौंपा. जिसमें बाहरी लोगों की भर्ती तत्काल बंद करने, स्थानीय युवाओं की अनदेखी न करने, 2019 की भर्ती घोटाले जैसी प्रक्रिया दोबारा न दोहराने और 1000 स्थानीय लोगों की तत्काल नियुक्ति शामिल है. साथ ही ठेका व्यवस्था पर पूर्ण रोक लगाने व स्थानीय लोगों को ही काम देने की बात कही गयी. यूनियन ने किरीबुरू-मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल की व्यवस्था सुदृढ़ करने की भी मांग की. आंदोलन के दौरान मजदूरों में खासा उत्साह और रोष देखने को मिला. यूनियन के बैनर तले भारी संख्या में मजदूर जुटे और साफ किया कि उनकी लड़ायी स्थानीय अधिकारों की सुरक्षा के लिये जारी रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










