Chaibasa News : डैम क्षेत्र में शराब पीते पकड़े गये, तो ~500 जुर्माना

Published by : AKASH Updated At : 12 Nov 2025 11:09 PM

विज्ञापन

चीरूबेड़ा में नववर्ष से पहले ग्रामीणों ने की बैठक, महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाओं पर रोक लगाने पर जोर

विज्ञापन

चक्रधरपुर.

नववर्ष के आगमन को लेकर चक्रधरपुर प्रखंड की गुलकेड़ा पंचायत के चीरूबेड़ा गांव में बुधवार को बैठक हुई. बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि नववर्ष आने में अब कुछ ही दिन शेष हैं. इस दौरान संजय नदी के तट पर स्थित पंप डैम पिकनिक स्थल पर बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज से पहुंचते हैं. पिकनिक के दौरान शराब सेवन और अभद्रता की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे गांव का माहौल बिगड़ता है. ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव का वातावरण शांतिपूर्ण बनाये रखने के लिए कुछ नियम लागू किए जायेंगे. पिकनिक स्थल पर शराब का सेवन करते हुए पकड़े जाने पर 500 रुपये तथा अभद्र व्यवहार या छेड़खानी करते हुए पकड़े जाने पर 1000 रुपए जुर्माना लगाया जायेगा.

डैम के पास शराब का सेवन बंद रहेगा

ग्रामीणों ने बताया कि खेतों से लौटती महिलाओं के साथ नशे में धुत लोगों द्वारा छेड़खानी की शिकायतें मिलती रही हैं. इसी को देखते हुए यह नियम लागू किया गया है. ग्रामीणों ने कहा कि लोग परिवार के साथ पिकनिक का आनंद लें, लेकिन डैम के आसपास शराब सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. बैठक में सरकार से यह भी मांग की गयी कि पिकनिक स्पॉट पंप डैम के महुआ गाछ से मेन रोड तक लगभग 500 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाए.

सोलर जलमीनार की टंकी की नहीं हो रही सफाई

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कृष्ण बारला के घर के पास लगी सोलर जलमीनार की टंकी की सफाई नियमित रूप से नहीं की जा रही है, जिससे पानी गंदा हो गया है. संवेदक द्वारा टंकी का निर्माण तो किया गया है, लेकिन सफाई के लिए सीढ़ी नहीं बनायी गयी है. अतः टंकी की सफाई के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की गयी. इसके अलावा जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों को चिन्हित कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना से जोड़ने की मांग भी की गयी. ग्रामीणों ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय लुपुंगबेड़ा में सैकड़ों विद्यार्थी केवल एक शिक्षक पर निर्भर हैं, जो कि अपर्याप्त है. विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए. साथ ही विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण और गांव के जर्जर सामुदायिक भवन की मरम्मत की मांग भी की गयी. बैठक में मछुआ बारला, रवि गोप, सुराय बारला, सावित्री बारला, बबलू बारला, राजेन बारला, बालवीर बारला, सिंगबुई बारला समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola