चक्रधरपुर में 29 जुलाई को धूमधाम से मनेगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव, साईं मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में

श्री साईं देवस्थान मंदिर की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
चक्रधरपुर के श्री साईं देवस्थान मंदिर में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा. इसमें पूजा, महाप्रसाद और भव्य पालकी यात्रा का आयोजन किया गया है.
संवाददाता चक्रधरपुर
चक्रधरपुर के शीतला मंदिर के समीप स्थित श्री साईं देवस्थान मंदिर में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. श्री शिरडी साईं भक्त मंडल की ओर से पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी व्यापक व्यवस्था की गई है.
काकड़ आरती से होगी शुरुआत
श्री शिरडी साईं भक्त मंडल के प्रमुख आदर्श दोदराजका ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सुबह 6 बजे काकड़ आरती से होगी. इसके बाद सुबह 8:30 बजे श्री गणेश पूजा, घट स्थापना, नवग्रह पूजा, श्री दत्तात्रेय हवन, श्री गायत्री हवन, श्री दुर्गा हवन और श्री लक्ष्मी हवन का आयोजन होगा. सुबह 10 बजे से श्री सत्यनारायण भगवान की कथा होगी, जबकि सुबह 11 बजे बाबा साईंनाथ का पवित्र अभिषेक किया जाएगा. दोपहर 12 बजे मध्यान आरती होगी. इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से महाप्रसाद का वितरण शुरू होगा, जो लगभग 3:30 बजे तक चलेगा.
शाम 4 बजे बाबा साईंनाथ की भव्य पालकी यात्रा श्री साईं देवस्थान मंदिर से निकलेगी. यात्रा पुरानी रांची रोड, भगत सिंह चौक, थाना रोड, पुरानी बस्ती, राजवाड़ी रोड, पवन चौक और बाटा रोड होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयघोष के साथ पालकी यात्रा में शामिल होंगे.
पालकी यात्रा के समापन के बाद शाम 6:30 बजे संध्या आरती और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. भजन संध्या में रांची की प्रसिद्ध भजन गायिका चुमकी राय अपनी प्रस्तुति देंगी.
आयोजकों ने चक्रधरपुर और आसपास के सभी साईं भक्तों से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर बाबा साईंनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप प्रमाणिक
प्रताप प्रमाणिक वर्ष 2002 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्हें क्राइम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में विशेष विशेषज्ञता हासिल है. वर्तमान में वे प्रभात खबर में संवाददाता, चक्रधरपुर कार्यालय सह प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल जर्नलिज्म का तीन वर्षों का अनुभव है. अपने अनुभव, जमीनी रिपोर्टिंग और तथ्यपरक पत्रकारिता के दम पर उन्होंने एक विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










