रोटरैक्ट क्लब ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, विद्यालय परिसर में लगाए 130 फलदार पौधे

कार्यक्रम में वृक्षारोपण करते | Prabhat Khabar Network
रोटरेक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश को बढ़ावा देने के लिए एक वृक्षारोपण अभियान चलाया. इस अभियान के तहत, आधारशिला ग्लोबल पब्लिक स्कूल परिसर में आम, अमरूद, कटहल और अनार सहित कुल 130 फलदार पौधों का रोपण किया गया, जिसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही.
चाईबासा: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा खरसावां के देहुरीडीह स्थित आधारशिला ग्लोबल पब्लिक स्कूल परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया. जिसमें आम, अमरूद, कटहल और अनार सहित कुल 130 फलदार पौधों का रोपण किया गया. इस अभियान में एस.आर. रुंगटा ग्रुप का सहयोग प्राप्त हुआ. क्लब ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस प्रयास में सहयोग के लिए ग्रुप के प्रति आभार व्यक्त किया.
रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष रोटेरैक्टर विकास गुप्ता ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज और उद्योग जगत के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और मजबूती मिलती है तथा अधिक लोग इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं.
प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प
इस अवसर पर पर्यावरणविद् रोटेरियन अनिल शर्मा ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराती है. यदि आज पेड़ों का संरक्षण और संवर्धन नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करना कठिन हो जाएगा. उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया. कार्यक्रम में आधारशिला एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट की ट्रस्टी कंचन दयाल, प्रवीण कुमार दयाल, स्मृति आलोक जायसवाल और अमरेश सिंह देव भी उपस्थित रहे.
कई लोगों ने निभाई सक्रिय भूमिका
वृक्षारोपण अभियान में रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष रोटेरैक्टर विकास गुप्ता, सचिव रोटेरैक्टर सौरव गुप्ता, रोटेरियन अनिल शर्मा, रोटेरैक्टर निशान चौबे, रोटेरैक्टर सौरव भगत के अलावा क्लब की नई महिला सदस्य साक्षी सिंह और दीक्षा सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई. विद्यालय की ओर से सुनीता केरकेट्टा, सुमन लकड़ा, मुस्कान प्रमाणिक, पूजा लकड़ा, सुप्रिया शाहदेव, आरती सरदार सहित अन्य सदस्यों ने भी पौधारोपण अभियान में योगदान दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










