अब स्किल्ड श्रेणी के अनुसार मिलेगा वेतन, जानें ऐसा क्या हुआ कि मजदूरों के आगे झुक गयी कंपनी
बैठक में उपस्थित लोग.
चिरिया सेल में स्किल्ड मजदूरों को अब उनकी श्रेणी के अनुसार वेतन मिलेगा. ठेका कंपनी ने गलती सुधारने का आश्वासन दिया, जिससे प्रस्तावित आंदोलन टल गया है.
चिरिया : स्किल्ड मजदूरों को सेमी स्किल्ड बताकर कम मजदूरी दिए जाने पर आक्रोशित मजदूरों के आगे आखिरकर कंपनी झुक ही गयी. सोमवार को चिरिया स्थित सेल कार्यालय में मजदूरों व प्रबंधन के बीच वार्ता हुई. मजदूर नेता रामा पांडेय ने मजदूरों को कथित तौर पर कम मजदूरी दिए जाने का मुद्दा उठाया. ठेका कंपनी के प्रतिनिधि ने अपनी गलती स्वीकार की. भुगतान में जल्द सुधार का भरोसा दिया.
844 की जगह मजदूरों को मिल रहे 693 रुपये
वार्ता के दौरान रामा पांडेय ने बताया - पूर्व ठेका कंपनी एनएसआईपीएल के समय 25 सुपरवाइजर स्तर के मजदूरों को स्किल्ड श्रेणी के तहत 844 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाता था. लेकिन, वर्तमान ठेका कंपनी ने इन्हीं मजदूरों को सेमी स्किल्ड श्रेणी में रखते हुए महज 693 रुपये प्रतिदिन का भुगतान शुरू कर दिया. यानी मजदूरों को प्रतिदिन 151 रुपये कम दिए जा रहे थे.
मामला उठने के बाद ठेका कंपनी के प्रतिनिधि ने अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने जल्द ही व्यवस्था में सुधार करने और आगे से संबंधित मजदूरों को स्किल्ड श्रेणी की दर से भुगतान करने का भरोसा दिया. मजदूरी विवाद को लेकर मजदूरों की ओर से आंदोलन की तैयारी की गई थी. हालांकि, वार्ता में सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन या ठेका कंपनी अपने वादे से पीछे हटती है, तो मजदूर फिर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.
प्रबंधन और ठेका कंपनी के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से जीएम रवि रंजन, डीजीएम माइनिंग एस.एस. राव, रतन पत्री सहित ठेका कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे. साथ ही छोटानागरा, साइडिंग, पुराना मनोहरपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों के ठेका मजदूर भी वार्ता में शामिल हुए. फिलहाल आश्वासन के बाद आंदोलन टल गया है, लेकिन मजदूर नेताओं ने साफ कर दिया है कि वेतन भुगतान में दोबारा गड़बड़ी हुई तो इस बार आंदोलन को रोकना आसान नहीं होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राधेश सिंह
राधेश सिंह लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनके पास 21 वर्षों का अनुभव है. इन्होंने रांची यूनिवर्सिटी से स्नातक किया है. इन्हें नक्सलवाद, क्राइम, हेल्थ, एजुकेशन के क्षेत्र में रिर्पोटिंग में महारत हासिल हैं. डिजिटल जर्नलिज्म के क्षेत्र में इन्हें 3 वर्षें का अनुभव है. वर्तमान में प्रभात खबर में मनोहरपुर से रिपोर्टिंग करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










