मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहे युवक की हत्या, नदी में फेंका शव

विज्ञापन

थाना में लिखित आवेदन देते परिजन

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव नदी में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने दो दिन बाद युवक का शव बरामद किया, जिसकी पहचान बबलू लोहार के रूप में हुई है. परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.

विज्ञापन

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने दो दिन बाद लौड़िया नदी से युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान पुरानीबस्ती स्थित पातु कॉलोनी निवासी करीब 35 वर्षीय बबलू लोहार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

गुरुवार को हुआ था घर से रवाना

परिजनों के अनुसार, बबलू लोहार मजदूरी करने के लिए हैदराबाद जाने की तैयारी में था. गुरुवार को वह ट्रेन से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान आरोप है कि बुलो पूर्ति और उसके कुछ साथियों ने उसे ट्रेन से उतार लिया और उसके साथ मारपीट की.

मारपीट के बाद घर पहुंचकर दी थी जानकारी

परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद बबलू किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा. उसने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद अगले दिन शुक्रवार को आरोप है कि बुलो पूर्ति अपने कुछ साथियों के साथ बबलू के घर पहुंचा.

ये भी पढ़ें... JPSC परीक्षा विवाद में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार

बहाने से घर से बुलाकर ले जाने का आरोप

परिजनों के मुताबिक, बुलो पूर्ति और उसके साथियों ने किसी बहाने से बबलू को घर से बाहर बुलाया और अपने साथ लेकर चले गये. इसके बाद बबलू वापस घर नहीं लौटा. परिजन उसकी तलाश में जुट गये, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला.

दो दिन बाद नदी में मिला शव

इसी बीच दो दिन बाद पुलिस को लौड़िया नदी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. शव की स्थिति खराब होने के कारण तत्काल पहचान करने में परेशानी हुई. बाद में परिजनों ने शव की पहचान बबलू लोहार के रूप में की.

ये भी पढ़ें... JPSC Protest: विधानसभा घेरने जुटे 10000 से अधिक छात्र, करीब 5000 छात्र धरने पर बैठे

‘मेरा इकलौता बेटा था’, मां ने लगायी न्याय की गुहार

शव की पहचान होने के बाद परिवार में मातम पसर गया. बबलू की मां कोला लोहार ने कहा कि बबलू उनका इकलौता बेटा था. उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

परिजनों ने बुलो पूर्ति व साथियों पर लगाया आरोप

परिजनों का आरोप है कि बुलो पूर्ति अपने कुछ साथियों के साथ बबलू को घर से बुलाकर ले गया था. इसके बाद उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें... JPSC Protest: 'भइया, थोड़ा और प्रेशर मारो न'...वाटर कैनन खुलते ही झूमने लगे आंदोलनकारी छात्र

पुलिस जुटी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में

परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बबलू को घर से कौन लोग लेकर गये थे, उसके साथ क्या हुआ और उसकी मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या है. घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की भी संभावना है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का चलेगा पता

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.

इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं

घटना के बाद पातु कॉलोनी और आसपास के इलाके में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं. फिलहाल पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.


विज्ञापन
रवि शंकर मोहंती

लेखक के बारे में

By रवि शंकर मोहंती

रवि शंकर मोहंती तकरीबन 18 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में एमए किया है. ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में इनकी पकड़ अच्छी है. डिजिटल जर्नलिज्म में नौ साल का अनुभल है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola