Chaibasa News : 151 Hit-and-Run Cases in 4 Years; 75 Victims Received Compensation

पश्चिमी सिंहभूम. उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की
चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों, ब्लैक स्पॉट और सुरक्षा उपायों पर चर्चा की गयी. उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिये कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों का मुआवजा सुनिश्चित करें. यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करें. बैठक में बताया गया कि मार्च 2026 तक जिले में कुल 68 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गयी हैं. अप्रैल 2022 से मार्च 2026 तक ””हिट एंड रन”” के कुल 151 मामले आये हैं, जिनमें से 75 में मुआवजा भुगतान किया जा चुका है. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पीड़ित परिवार मुआवजे से वंचित नहीं रहना चाहिए. लंबित 76 मामलों के निस्तारण के लिए अपर उपायुक्त और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय से वांछित दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है.
हेलमेट जांच के लिए विशेष टीम का गठन:
दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर उपायुक्त ने प्रत्येक दिन विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. इसके लिए विशेष जांच दल गठित किया जायेगा, जो जिले में अलग-अलग स्थानों पर प्रतिदिन हेलमेट की जांच करेगा. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करेगा.घायलों की जान बचाने वाले तीन लोग सम्मानित:
सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने और समय पर मदद पहुंचाने के लिए उपायुक्त चंदन कुमार ने त्रिशानु राय, गोवर्धन ठाकुर और जुलूस कुजूर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. बैठक में अपर उपायुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला परिवहन पदाधिकारी, सदर अस्पताल उपाधीक्षक और अंचल अधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे.
ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा संकेतक लगायें:
उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) का भौतिक निरीक्षण करें. उन्होंने गूगल मैप की मदद से मुख्य सड़कों के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने और शहर से बाहर निकलने वाले सभी प्रमुख रास्तों, संकीर्ण मोड़ों, चौराहों और ढलान वाली जगहों पर सुरक्षा संकेतकों (साइन बोर्ड) और सुरक्षा उपायों का अधिष्ठापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.मंझारी और गुदड़ी के उमवि मैदान में बनेगा स्टेडियम, खेल को मिलेगा बढ़ावा
चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक हुई. इसमें जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो, जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम व समिति सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में जिला अंतर्गत खेल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन व आधारभूत संरचना का निर्माण आदि पर विस्तार से चर्चा हुई. सर्वसम्मति से जिले के मंझारी व सुदूरवर्ती गुदड़ी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के मैदान को स्टेडियम के तौर पर विकसित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में फुटबॉल व तीरंदाजी के लिए वर्तमान में संचालित डे बोर्डिंग प्रशिक्षण संस्थान व आवासीय प्रशिक्षण संस्थानों में उपलब्ध व आवश्यक संसाधनों का विस्तृत जानकारी प्राप्त की. इन केंद्रों पर खिलाड़ियों को उचित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की सूची व आधारभूत संरचना के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार कराने के लिए उचित दिशा-निर्देश दिये गये.अवैध खनन और परिवहन में 204 वाहन जब्त, 38.41 लाख रुपये जुर्माना लगा
चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध खनन व परिचालन के विरुद्ध 204 वाहन जब्त कर 38.41 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया. वहीं, 125 प्राथमिकी दर्ज हुई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगले बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी को उपस्थित रहना है. किसी माध्यम से अवैध खनन व परिवहन से संबंधित सूचना मिले, तो संबंधित पदाधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर उचित व आवश्यक कार्रवाई करें. संबंधित प्रतिवेदन जिला में उपलब्ध करायें. बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में लीज समाप्त खनन पट्टा क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर विशेष रिपोर्ट जिलास्तरीय व क्षेत्रीय पदाधिकारी को दिया गया. बैठक में अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, जगन्नाथपुर के अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव आदि मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




