भाजपा के झारखंड बंद का चक्रधरपुर में व्यापक असर, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
सड़क पर बैठे बीजेपी कार्यकर्ता
जेपीएससी और जेएसएससी में अनियमितता के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का चक्रधरपुर में व्यापक असर, कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर किया जोरदार प्रदर्शन.
चक्रधरपुर : जेपीएससी एवं जेएसएससी में कथित अनियमितता तथा रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का सोमवार को चक्रधरपुर में व्यापक असर देखने को मिला. सुबह से ही भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विभिन्न प्रतिष्ठानों को बंद कराया. बंद का नेतृत्व पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, भाजपा नेता डॉ विजय गागराई तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती मालती गिलुवा ने किया.
पवन चौक पर दिया धरना
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों का भ्रमण कर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की. इस दौरान कई दुकानें बंद रहीं, जिससे बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल रही. कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पवन चौक पर धरना दिया.
मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि जेपीएससी एवं जेएसएससी की परीक्षाओं में भारी अनियमितता बरती जा रही है, जिससे राज्य के हजारों छात्र प्रभावित हैं. दस अगस्त को अपनी मांगों के समर्थन में रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर सरकार द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है.
छात्रों के समर्थन में आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नेताओं ने कहा कि छात्रों के हित और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा ने पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया है. उन्होंने लोगों से छात्र हित में एक दिन अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी कि छात्रों को न्याय नहीं मिलने पर भाजपा आने वाले दिनों में और व्यापक आंदोलन करेगी. बंद के दौरान दुर्योधन प्रधान, गोरखनाथ बोदरा, गणेश तांती, बंटी मिश्रा, दीपक सिंह, कीर्तिवास प्रधान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप प्रमाणिक
प्रताप प्रमाणिक वर्ष 2002 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्हें क्राइम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में विशेष विशेषज्ञता हासिल है. वर्तमान में वे प्रभात खबर में संवाददाता, चक्रधरपुर कार्यालय सह प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल जर्नलिज्म का तीन वर्षों का अनुभव है. अपने अनुभव, जमीनी रिपोर्टिंग और तथ्यपरक पत्रकारिता के दम पर उन्होंने एक विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










