Chaibasa News : गुवा सेल की पहल, 50 बच्चों को मिली शैक्षणिक सामग्री
Published by : AKASH Updated At : 28 Dec 2025 12:13 AM
बच्चों को नियमित स्कूल भेजें अभिभावक: खान प्रबंधक
प्रतिनिधि, गुवा
गुवा सेल प्रबंधन की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) अंतर्गत शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सराहनीय पहल की गयी है. इसी क्रम में गुवा सेल के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडी) में आयोजित समारोह के दौरान पांच गांवों के बीपीएल परिवारों के 50 बच्चों के बीच नि:शुल्क स्कूल बैग, पठन-पाठन सामग्री और स्कूल की किताबों का वितरण किया गया. प्रबंधन की ओर से बताया गया कि उक्त बच्चों को इससे पूर्व सीएसआर कार्यक्रम के तहत स्कूल यूनिफॉर्म, स्वेटर और ब्लेजर आदि भी उपलब्ध कराए जा चुके हैं. इस वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व गुवा सेल के मुख्य खान महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने किया. कार्यक्रम में सिविल विभाग के महाप्रबंधक संजय बनर्जी, मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, खान विभाग के महाप्रबंधक एसपी दास, मानव संसाधन विभाग के उपमहाप्रबंधक मिलन नंदी तथा सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार उपस्थित थे.
गुवा डीएवी स्कूल के 95 बच्चों की ट्यूशन फीस सेल में माफ करायी
सभी अतिथियों ने बच्चों को सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर मुख्य खान महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन अपने 18 सीएसआर गांवों गुवासाई, नुईया, ठाकुरा, रोवाम और जोजोगुटू सहित आसपास के क्षेत्रों में गरीब और असहाय परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है. जिन परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई कठिन है, उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गुवा डीएवी स्कूल में लगभग 95 बच्चों की ट्यूशन फीस सेल प्रबंधन द्वारा माफ करायी गयी है. श्री कुमार ने बच्चों से शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाने और अभिभावकों से उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान पठन-पाठन सामग्री पाकर बच्चे बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए. यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में गुवा सेल प्रबंधन की सामाजिक प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










