ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
पकड़े गए तीन आरोपी के साथ जरीडीह पुलिस | Prabhat Khabar Network
जरीडीह पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और जुआ के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह युवाओं को लालच देकर फंसाता था और पैसे हड़प लेता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जरीडीह पुलिस ने गुरुवार को ऑनलाइन गेमिंग और जुआ के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, एक आईफोन, डेबिट कार्ड, चार फेम पे कार्ड और 10,100 रुपये नकद बरामद किये गये हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय प्रलव कुमार सिंह, 26 वर्षीय सेंटी कुमार और आनंद कुमार शामिल हैं. तीनों छात्र बताए जा रहे हैं. जरीडीह थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के लिए ग्राहकों को गेमिंग आईडी उपलब्ध कराते थे और लेनदेन व कमीशन के माध्यम से आर्थिक लाभ अर्जित करते थे.
युवाओं को फंसाकर किया जाता था खेल का संचालन
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आये हैं. वहीं, गिरफ्तार युवकों के परिजनों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार के मुख्य संचालक पढ़ने-लिखने वाले युवाओं को पैसे का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं. उनके अनुसार गिरोह के सरगना ऑनलाइन गेमिंग को वैध और सुरक्षित बताकर युवाओं को जोड़ते हैं.
परिजनों का कहना है कि शुरुआत में तकनीकी तरीके से खिलाड़ियों को जीत दिलाकर उनका भरोसा जीता जाता है. इसके बाद जब खिलाड़ी बड़ी रकम लगाने लगते हैं तो उन्हें हराकर पैसे हड़प लिये जाते हैं. उन्होंने पूरे नेटवर्क और इसके मुख्य संचालकों की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
18 से 30 वर्ष के युवा अधिक शामिल
पुलिस पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि इस अवैध ऑनलाइन गेमिंग नेटवर्क में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की संख्या अधिक है. कम समय में अधिक पैसा कमाने और आलीशान जीवन जीने की चाहत में कई युवा इस तरह के अवैध कारोबार से जुड़ रहे हैं.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जरीडीह पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके मुख्य सरगना तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









