गोमिया में जमीन से निकल रही आग की लपटें, ओएनजीसी प्लांट के पास की घटना
जमीन से निकलती आग की फोटो
झारखंड के गोमिया में पलानी बस्ती के पास जमीन के नीचे से आग की लपटें निकलने से ग्रामीणों में दहशत है। ओएनजीसी प्लांट के पास हुई इस घटना की जानकारी दी गई है।
गोमिया प्रखंड की बांध पंचायत अंतर्गत पलानी बस्ती रविदास टोला से करीब आधा किलोमीटर दूर परती जमीन के नीचे से आग की भयंकर लपटें निकल रही हैं. इससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
सूत्रों के अनुसार गुरुवार की सुबह जब शौच के लिए ग्रामीण उधर गये तो अचानक जमीन के नीचे से निकलती गैस के साथ आग की लपटें दिखाई पड़ीं. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पंचायत के आसपास चल रहे ओएनजीसी प्लांट के अधिकारियों एवं झारखंड सरकार के तेनुघाट स्थित फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को दी.
दमकल वाहन का लपटों तक पहुंचना मुश्किल
जानकारी होते ही तेनुघाट फायर ब्रिगेड के कर्मचारी अग्निशामक वाहन लेकर पहुंचे, पर आग लगी जमीन तक जाने का रास्ता नहीं रहने के कारण वहां पहुंच नहीं पाये. फायर ब्रिगेड के प्रधान अग्नि चालक दीनानाथ शुक्ला और रामबिलास उरांव ने बताया कि बरसात के कारण जमीन गीली हो जाने से आग की लपटों तक अग्निशामक वाहन नहीं पहुंच सकता है. साथ ही आग की तेज लपटें देखने से ऐसे लगता है कि आग बुझाना संभव नहीं है.
ओएनजीसी की ओर से भी कोई पहल नहीं
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों में पलानी मुस्लिम टोला के हसन अंसारी और मोइन अंसारी ने बताया कि गांव के पास जिस जमीन पर आग की लपटें निकल रही हैं, तीन चार दिन पहले वहीं जमीन के नीचे से पानी का काफी तेज बुलबुला निकल रहा था.
इधर, गुरुवार सुबह से वहां से आग की तेज लपटें निकल रही हैं. इस घटना की सूचना बांध पंचायत के आसपास चल रहे ओएनजीसी प्लांट के अधिकारियों को दिये जाने के बावजूद इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई. खबर पोस्ट किये जाने तक आग की लपटें निकलना जारी थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









