ePaper

Bokaro News : बाजार होगा गुलजार, फायदा आम आदमी को

Updated at : 22 Sep 2025 2:16 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : बाजार होगा गुलजार, फायदा आम आदमी को

Bokaro News : आज से जीएसटी बचत उत्सव

विज्ञापन

Bokaro News : गुड्स एंड सर्विस टैक्स यानी जीएसटी नवरात्रि में लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आ रही है. जीएसटी 2.0 सोमवार यानी नवरात्र के प्रथम तिथि को लागू हो रही है. अब जीएसटी में मुख्य रूप से सिर्फ दो दर यानी 05 प्रतिशत व 18 प्रतिशत ही रहेगी. हालांकि, लग्जरी व विलासितापूर्ण वाली वस्तुओं पर 40 प्रतिशत की दर से टैक्स लगाया जायेगा. कंपनियों ने ग्राहकों को फायदा देने के लिए कई उत्पादों का दाम घटाया है. चास-बोकारो के कई दुकानदारों ने नयी दर से आयी उत्पाद की कीमत में आयी कमी के लिए बैनर-पोस्टर भी लगाया. सोमवार से शुरू होने वाले त्योहारी सीजन में इससे बाजारों में खासी रौनक रहने वाली है. नयी जीएसटी दर का लाभ सीधे आम आदमी को मिलने वाला है. बोकारो में तमाम चीजों का स्टॉक उपलब्ध है. नयी एमआरपी अंकित उत्पाद नहीं होने पर भी ग्राहक को नयी जीएसटी दर से सामान उपलब्ध कराया जायेगा.

ऐसे समझें फायदा :

दुकानदारों के मुताबिक 700 से अधिक खाद्य पदार्थ व उत्पाद कीमत में जीएसटी कटौती का असर हुआ है. सभी उत्पाद पहले के मुकाबले सस्ता हुए हैं. विभिन्न कंपनियों ने बकायदा विज्ञापन देकर उत्पाद की कीमत कम करने की घोषणा की है. दुकानदारों की मानें तो एक परिवार की मासिक खर्च में 05 से 10 प्रतिशत की कमी आयेगी. एक उदाहरण से दुकानदार ने समझाया बदलाव से पहले मान लें, एक हेयर ऑयल की बोतल की कीमत 100 रुपयेथी. उस पर 18% जीएसटी लगता था तो उत्पाद की कीमत 118 रुपया होती थी. अब बदलाव के बाद हेयर ऑयल पर 05 प्रतिशत टैक्स लगेगा. इसके बाद उत्पाद की कीमत 105 रुपये हो जायेगी. यानी 13 रुपया का फायदा.

एमआरपी भी रखनी चाहिए नजर :

ग्राहकों की मानें तो जीएसटी 2.0 से सरकार ने लोगों को बड़ी राहत दी है. निश्चित तौर पर इससे महंगाई की मार से राहत मिलेगी. मासिक बचत के हिस्से में कुछ तेजी आयेगी. इसका असर भविष्य में देखने को मिलेगा. हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी कहा : ऐसा नहीं हो कि वर्तमान में उत्पाद की कीमत में कटौती कर दे और बाद में एमआरपी ही बढ़ा दे. कई मामलों में ऐसा देखा गया है कि कुछ समय के बाद उत्पाद की कीमत में इजाफा कर दिया गया है. इस पर सरकार को नजर रखनी चाहिए.

इन क्षेत्र में भी होगा फायदा

सीमेंट पर टैक्स 28% से 18% हुआ. यानी घर बनाने या मरम्मत का खर्च कम होगा.

टीवी, एसी जैसे सामान पर टैक्स 28% से घटकर 18% हो गया है. ये सस्ते होंगे.

33 जरूरी दवाई खासकर कैंसर व गंभीर बीमारियों की दवाओं पर अब कोई टैक्स नहीं. मतलब, सेहत के क्षेत्र में फायदा.

छोटी कार व 350 सीसी तक की मोटरसाइकिलों पर अब 28% की जगह 18% टैक्स लगेगा. मतलब, वाहन का सपना होगा कम खर्चीला.

लाईफ व हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम पर जीएसटी 18% से घटाकर 00 प्रतिशत किया गया. मतलब, भविष्य की चिंता भी हुई सस्ती.

कोट

सरकार की ओर से जीएसटी 2.0 लाना एक एतिहासिक फैसला है. इसका सकारात्मक असर बाजार पर देखने को मिलेगा. कीमत कम होने से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी. बाजार बुस्ट होगा. उत्पाद की मांग बढ़ेगी. मांग बढ़ने से उत्पादन बढ़ेगा. रोजगार के नये अवसर भी बनेगे.

– रंजन गुप्ता, पूर्व महासचिव- दी सिटी सेंटर ट्रेडर्स एसोसिएशन

जीएसटी के नये स्लैब से दुकानदार व उपभोक्ता दोनों को सीधा फायदा होगा. सरल टैक्स ढांचे से दुकानदारों का कागज़ी काम व समय की बचत होगी. उत्पाद पर टैक्स कम होने से बिक्री व व्यापार बढ़ेगा. छोटे व्यवसायी हर छोटी बात के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट पर निर्भर नहीं रहेंगे, जिससे पैसे की भी बचत होगी.

– संजय बैद, संरक्षक- बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola