सात निश्चय-3 योजना के तहत डिग्री कॉलेजों की तैयारी तेज, छात्र-छात्राओं को होगा लाभ, नौ प्रखंडों में खुलेंगे कॉलेज

Edited by YUVRAJ RATAN
Updated:
विज्ञापन

बैठक के दौरान की तस्वीर

Bihar Sharif News : ग्रामीण छात्रों को अपने क्षेत्र में मिलेगी उच्च शिक्षा, नए डिग्री कॉलेजों की तैयारी तेज, जल्द शुरू होंगे आवश्यक कार्य, डीएम ने दिए सख्त निर्देश.

विज्ञापन

बिहारशरीफ से कंचन की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : नालंदा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. सात निश्चय-3 (2025-30) के चतुर्थ निश्चय “उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य” के तहत जिले के नौ प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों के संचालन की तैयारी तेज कर दी गई है. इसको लेकर जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागीय अधिकारियों और चिन्हित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ प्रस्तावित महाविद्यालयों के संचालन तथा आधारभूत संरचना विकास की प्रगति की समीक्षा की गई.

नए डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी तेज

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. कई ऐसे प्रखंड हैं जहां स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों या जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता है. नए डिग्री कॉलेज शुरू होने से स्थानीय छात्रों, विशेषकर छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महाविद्यालय संचालन के लिए चिन्हित संस्थानों में उपलब्ध भवनों, वर्गकक्षों और अन्य सुविधाओं का आकलन कर आवश्यक निर्माण, मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए. सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने का निर्देश भी दिया गया.

इन प्रखंडों में संचालित होंगे नए डिग्री महाविद्यालय

जिले में डिग्री कॉलेज संचालन के लिए नौ शैक्षणिक संस्थानों का चयन किया गया है. इनमें रहुई प्रखंड के श्री बालेश्वर प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय, पतासंग, नूरसराय प्रखंड के उच्च विद्यालय नूरसराय, बिंद प्रखंड के मध्य विद्यालय उत्तरथू, नगरनौसा प्रखंड के मगध विद्यापीठ उच्च विद्यालय लोदीपुर उस्मानपुर, कतरीसराय प्रखंड के टेकनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय बादी, थरथरी प्रखंड के मध्य विद्यालय भतहर, करायपरशुराय प्रखंड के मध्य विद्यालय मखदुमपुर, परवलपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय नेहुआपर तथा सरमेरा प्रखंड के उच्च विद्यालय गोपालबाद, प्राणवा को चिन्हित किया गया है.

शौचालय, पेयजल और बिजली व्यवस्था को दी जाएगी प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि महाविद्यालयों में छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग एवं सुसज्जित शौचालयों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, परिसर की साफ-सफाई, भवनों का रंग-रोगन तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं. उन्होंने कहा कि केवल भवन उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना भी आवश्यक है. इसलिए परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ और अध्ययन के अनुकूल बनाया जाए.

कॉलेजों में शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर, डीएम ने दिए निर्देश

बैठक में महाविद्यालयों के संचालन के लिए आवश्यक फर्नीचर, डेस्क-बेंच, कार्यालय सामग्री, पुस्तकालय संसाधन तथा अन्य शैक्षणिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने से पहले सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पूरी कर ली जाए.

ग्रामीण छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए डिग्री कॉलेज शुरू होने से हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा. खासकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी. इससे कॉलेज स्तर पर नामांकन बढ़ने के साथ-साथ उच्च शिक्षा का दायरा भी विस्तारित होगा. बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, प्रभारी उप विकास आयुक्त, विभिन्न अनुमंडलों के पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा चिन्हित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित समय पर महाविद्यालयों का संचालन शुरू किया जा सके.

Also Read : जमीन के टुकड़े के लिए बहा खून, दो पक्षों के बीच संघर्ष में दो घायल, मकान निर्माण के दौरान हमला

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन