Bokaro News : दो सड़क परियोजनाओं से बदलेगी चंद्रपुरा और नावाडीह प्रखंड के कई गांवों की सूरत

Bokaro News : दो बड़ी सड़क परियोजनाओं से चंद्रपुरा और नावाडीह प्रखंड के कई गांवों की सूरत बदलेगी.
दो बड़ी सड़क परियोजनाओं से चंद्रपुरा और नावाडीह प्रखंड के कई गांवों की सूरत बदलेगी. क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार के नये अवसर भी खुलेंगे. जैनामोड़-डुमरी फोर लेन सड़क के निर्माण के प्रस्ताव को राज्य सरकार ने मंजूरी दी है. 48 किमी लंबी यह सड़क जैनामोड़ के खुटरी, भंडारीदह, अलारगो, नावाडीह होते हुए डुमरी तक बनेगी. योजना की अनुमानित लागत 940 करोड़ रुपये है. इस सड़क के बनने से रांची-देवघर कनेक्टिविटी बेहतर होगी. जैनामोड़-डुमरी फोर लेन सड़क को कंट्रोल एक्सप्रेस-वे में बदला जायेगा. भंडारीदह के बाद यह सड़क चंद्रपुरा व नावाडीह प्रखंड क्षेत्र के गांवों से होकर गुजरेगी. भंडारीदह से चिरुडीह, तारमी, अलारगो, गुंजरडीह-मुंगो होकर नावाडीह मौजा के कई गांव व टोले की जमीन इस सड़क के दायरे में आयेगी. पथ निर्माण विभाग द्वारा भू-अर्जन की प्रक्रिया की जायेगी. रैयती भूमि के लिए मुआवजा सरकारी नियमानुसार रैयत को दी जायेगी. फोर लेन सड़क के निर्माण होते ही ये गांव व टोले हाइवे से जुड़ जायेंगे. यहां की जमीन की कीमत में भी बढ़ोतरी होगी. रोजगार के नये साधन विकसित होंगे. इन गांवों के लोगों के लिए आज भी आवागमन का मुख्य मार्ग चंद्रपुरा-फुसरो व फुसरो-नावाडीह सड़क है, जो गांवों से काफी दूर है. फोरलेन सड़क के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को रांची, धनबाद, नेशनल हाइवे डुमरी, गिरिडीह आदि आने-जाने में सुविधा मिलेगी. जानकारी के अनुसार इस सड़क का निर्माण ऐसे क्षेत्रों से किया जायेगा, जिससे गांव के मकान व गलियां प्रभावित न हो. अधिकांश स्थानों में सड़क का निर्माण गांवों से बाहरी ग्रीन लैंड में होगा. किसी भी पुरानी ग्रामीण सड़क को अधिग्रहित नहीं किया जायेगा.
71.15 करोड़ रुपये से बनेगी भंडारीदह-गोमो सड़क
भंडारीदह रेलवे क्रॉसिंग से गोमो रेलवे स्टेशन तक (लगभग 22 किमी) सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य 71.15 करोड़ रुपये से होगा. कैबिनेट से इस योजना को स्वीकृति मिलने के बाद पथ निर्माण विभाग द्वारा टेंडर किया जा चुका है. इस सड़क के निर्माण से बेरमो व चंद्रपुरा प्रखंड के लोगों को सुविधा होगी. लुपसाडीह, चिरुडीह, सिमराकुल्ही भाया भेंडरा होकर इस सड़क का निर्माण किया जाना है. वर्तमान में इस ग्रामीण सड़क के जर्जर व संकीर्ण रहने के कारण लोगों को परेशानी होती है. दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
बेरमो व डुमरी विधानसभा व गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए यह सौगात : जयमंगल
बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि सरकार ने बेरमो व डुमरी विधानसभा और गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए जैनामोड़-डुमरी फोर लेन सड़क की सौगात दी है. प्रस्तावित फोर लेन सड़क ट्रांसपोर्ट का लिंक रोड भी बनेगा. इससे जैनामोड़-फुसरो सड़क पर भारी वाहनों का दबाव घटेगा. फुसरो बाजार की मुख्य सड़क से बाहर होकर भारी वाहन फोरलेन में गुजर जायेंगे. जबकि बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जैनामोड़ स्थित तिलका मांझी चौक से फुसरो के निर्मल महतो चौक तक जैनामोड़-फुसरो वर्तमान सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण सहित निर्माण कार्य हेतु 157 करोड़ 89 लाख 69 हजार रुपये की स्वीकृति कैबिनेट ने प्रदान की है. डीपीआर तैयार हो गयी है.
योजना के जल्द शिलान्यास के लिए पहल करेंगे : अखिलेश
झामुमो के केंद्रीय सदस्य अखिलेश महतो ने कहा कि मेरे पिता पूर्व मंत्री स्व जगरनाथ महतो ने दिसंबर 2022 में भंडारीदह-गोमो सड़क के निर्माण को लेकर पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखा था. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आग्रह किया था. साथ ही इस सड़क काे पीडब्ल्यूडी में शामिल करने की बात कही थी. भंडारीदह रेलवे क्रॉसिंग से गोमो रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य 71.15 करोड़ रुपये से होगा. योजना का शिलान्यास जल्द कराने के लिए पहल करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




