Bokaro News : महिलाओं को प्रेम जाल में फांस कर ठगी करनेवाले आरोपित समेत दो फतुहा से गिरफ्तार
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 22 Dec 2025 1:04 AM
Bokaro News : ठगी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स भी फतुहा से धराया
Bokaro News : बोकारो. बोकारो पुलिस ने पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के राणा टोला से संकल्प कुमार उर्फ गोली को गिरफ्तार किया है, जो रसूखदार बन कई महिलाओं को अपने प्रेम जाल में फांसा, फिर उनसे धोखाधड़ी की. जब वह किसी महिला से मिलता, तो खुद को बैंक मैनेजर, सचिवालय कर्मचारी या एयरफोर्स अधिकारी के तौर पर अपना परिचय देता. उसका रुतबा व रौब देखकर महिलाएं खुद उसकी तरफ आकर्षित हो जाती थीं. इसके बाद यह ठग अपना खेल शुरू करता था. उसने एक-दो नहीं, कई महिलाओं को प्रेम जाल में फांस कर ठगी की है. इनमें बोकारो की भी एक महिला है, जिससे 30 हजार नकद और लगभग 22 ग्राम सोने के जेवर लेकर संकल्प कुमार फरार हो गया. एसपी हरविंदर सिंह ने सेक्टर चार थाना में रविवार को पत्रकारों को बताया कि महिला ने 16 दिसंबर को सेक्टर चार थाना में ठगी का मामला दर्ज कराया. छह दिनों की छानबीन के बाद आरोपित बोकारो पुलिस की जाल में फंस गया.
मोसीमपुर से ज्वैलर्स सूर्यकांत सोनी गिरफ्तार :
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद डीएसपी शहरआलोक रंजन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम में शामिल सेक्टर चार इंस्पेक्टर संजय कुमार, सब इंस्पेक्टर मुन्ना रवानी, सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार, एएसआइ अखिलेश्वर सिंह, एएसआइ बसंत टोप्पो, आरक्षी हरिश्चंद्र राम, आरक्षी अवनीश कुमार तकनीकी सेल के सहयोग से बिहार के पटना पहुंचे. टीम ने राणा टोला स्थित संकल्प कुमार उर्फ गोलू के आवास में छापेमारी कर उसको गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर फतुआ के मोसीमपुर में सूर्यकांत सोनी के आवास पर छापेमारी की गयी. पुलिस ने सोनी को गिरफ्तार किया. उस पर ठगी के जेवर खपाने का आरोप है. पुलिस ने पौने दो लाख रुपये नकद, 22 ग्राम गलाया सोना व दो मोबाइल जब्त किया है. संकल्प कुमार पर बिहार के फतुहा में छह मई 2016 व 25 नवंबर 2022 को आपराधिक मामला दर्ज है. पुलिस अन्य मामलों में उससे पूछताछ कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










