Bokaro News : डीसी व एसपी ने छठ घाटों का किया निरीक्षण

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 23 Oct 2025 9:26 PM

विज्ञापन

Bokaro News : अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी विभागों को दिये निर्देश.

विज्ञापन

बोकारो, लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा क्रम में गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा व पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने चास अनुमंडल क्षेत्र के बीएस सिटी व चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिया. इस दौरान सेक्टर 12 डी, बहरागोड़ा-सतनपुर, टू टैंक गार्डन, सेक्टर 09 कूलिंग पाउंड, सेक्टर 04 डी जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर 04एफ सूर्य मंदिर, सेक्टर 05 अयप्पा मंदिर समेत चास नगर निगम क्षेत्र के सोलागीडीह व गरगा नदी चेक पोस्ट स्थित छठ घाटों का दौरा किया. उन्होंने घाटों की भौतिक स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग व सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की.

साफ-सफाई व लाइटिंग व्यवस्था 25 तक करें पूरा

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर 25 अक्तूबर तक साफ-सफाई व लाइटिंग व्यवस्था पूरी कर ली जाये, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो. उन्होंने नगर निगम, बीएसएल प्रशासन और संबंधित समिति सदस्यों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा.

सीसीटीवी व सुरक्षा प्रमाण पत्र अनिवार्य

डीसी ने सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का आदेश दिया ताकि, भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा निगरानी सुनिश्चित की जा सके. साथ ही, बांस के पुल एवं अस्थायी संरचनाओं की जांच भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता द्वारा कराकर सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया. डीसी ने गहरे तालाबों व नदियों के किनारे गोताखोरों की टीम की प्रतिनियुक्ति व ट्यूब-रस्सी की पर्याप्त व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया.

चेंजिंग रूम व नेम-नेष्ठा बनाये रखने पर जोर

डीसी ने कहा कि छठव्रतियों के सुविधा के लिए सभी घाटों पर चेंजिंग रूम का निर्माण किया जाये. नेम, नेष्ठा व पवित्रता को बनाए रखना प्रशासन और आमजन की जिम्मेदारी है. भक्ति व श्रद्धा में हमारी आस्था है, प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतया समर्पित है.

दामोदर नदी में जल प्रवाह पर विशेष ध्यान

डीसी ने चास व बेरमो एसडीओ को निर्देश दिया कि 25 अक्तूबर को तेनुघाट और गरगा डैम से सीमित मात्रा में पानी छोड़कर नदी की स्थिरता जांच लें, ताकि घाटों पर सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. साथ ही 27 अक्तूबर को पानी नहीं छोड़े जाने का निर्देश दिया गया है, जिससे व्रत के दौरान जलस्तर स्थिर बना रहे.

मेडिकल टीम व मिनी कंट्रोल रूम की व्यवस्था

सभी घाटों पर मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है. आवश्यकता अनुसार मिनी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके. पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी की पूरी जिम्मेदारी दी गई है.

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की कि छठ पर्व के दौरान साफ-सफाई बनाये रखें, अपशिष्ट पदार्थ जलाशयों में नहीं डालें. प्रशासन के निर्देश का पालन करें. मौके पर चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त स्मिता, संबंधित थानों के थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola