सुपौल: रेलवे ट्रैक पर मिला लापता किशोर का खून से लथपथ शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शव मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़
सुपौल में एक 14 वर्षीय किशोर का रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से सनसनी फैल गई. बुधवार शाम से लापता सत्यम के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
सुपौल जिले के सुपौल-गलगलिया रेलखंड पर दिनापट्टी नहर के पास गुरुवार की सुबह एक 14 वर्षीय किशोर का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान लिटियाही वार्ड संख्या 17 निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है, जो बुधवार की शाम से लापता था. शव मिलने के कारण कुछ समय के लिए इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा. किशोर के सिर पर गहरी चोट के निशान देखने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पिपरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है.
आपके शहर में
बुधवार शाम से था लापता, सुबह ट्रैक पर मिला शव
मृतक किशोर की पहचान लिटियाही वार्ड संख्या 17 निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, सत्यम बुधवार की शाम करीब चार बजे घर से निकला था. देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश करने के बावजूद उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार की सुबह रेलवे ट्रैक की ओर गए स्थानीय लोगों की नजर ट्रैक पर पड़े सत्यम के शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी.
शव पड़े होने के कारण प्रभावित हुआ रेल परिचालन
रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. ट्रैक पर शव होने के कारण इस रूट पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी बाधित हुआ. इसी दौरान त्रिवेणीगंज की ओर से सुपौल जा रही एक ट्रेन को रोकना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे. उनकी मौजूदगी में कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जा सका.

सिर में गहरी चोट के निशान, हत्या की आशंका
सत्यम के घर से लापता होने और कुछ ही घंटों बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि सत्यम अचानक घर से गायब हो गया और उसकी किसी दुर्घटना में मौत नहीं हुई है, बल्कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी किशोर के सिर में गहरी चोट के निशान मिले हैं, जो मामले को संदिग्ध बना रहे हैं. हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है.
दो भाइयों में छोटा था सत्यम, परिवार में मचा कोहराम
सत्यम अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था. उसकी मौत की मनहूस खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बेसुध हो रही हैं. किशोर की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे लिटियाही गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. आक्रोशित और शोकाकुल ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज: पुलिस
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की जानकारी देते हुए पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास से 14 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है. शव के सिर में गहरी चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं. पुलिस हर संभावित बिंदु (एंगल) पर मामले की बारीकी से जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद सत्यम रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By इंद्रभूषण कुमार
इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









