रतनपुर: राजपुर कैनाल के किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
घटना स्थल पर लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
रतनपुर के समदा वार्ड 14 में राजपुर कैनाल के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है. महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है.
रतनपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर पंचायत अंतर्गत समदा वार्ड 14 में बुधवार की शाम उस वक्त इलाके में भारी सनसनी फैल गई, जब राजपुर कैनाल के पूर्वी किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों की सूचना पर रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
कैनाल किनारे शव देखते ही लोगों ने दी पुलिस को सूचना
बुधवार की शाम स्थानीय लोगों की नजर राजपुर कैनाल के पूर्वी किनारे पड़े एक महिला के शव पर पड़ी. शव देखे जाने की खबर आसपास के पूरे इलाके में तेजी से फैल गई और देखते ही देखते वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देरी किए तत्काल इसकी जानकारी रतनपुर थाना पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार, एएसआई अजीत पाण्डेय, सुमित कुमार सहित पूरी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस टीम ने सबसे पहले शव की स्थिति का जायजा लिया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर महिला के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया.
पहचान और घटना की परिस्थितियों की हो रही जांच
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और छानबीन के बावजूद देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी. मृतक महिला की उम्र और उसकी शिनाख्त से संबंधित कोई भी जानकारी तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस से भी संपर्क साध रही है और गुमशुदगी के दर्ज मामलों को खंगाल रही है. पुलिस फिलहाल इस बात का पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई है और उसका शव राजपुर कैनाल के किनारे किस प्रकार पहुंचा. घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








