सुपौल में इंटर की छात्रा की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी, परिवार में मचा कोहराम
मामले में पूछताछ करती पुलिस
: Supaul News: सुपौल के जदिया पंचायत में 17 वर्षीय इंटर की छात्रा की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Supaul News: जदिया (सुपौल), उमेश कुमार. सुपौल जिले के जदिया पंचायत स्थित फुलकाहा वार्ड संख्या-17 में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया. छात्रा घर के अंदर मृत अवस्था में मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है.
मृतका की पहचान फुलकाहा वार्ड संख्या-17 निवासी बिरेंद्र नारायण यादव की पुत्री अंबिका कुमारी के रूप में हुई है. वह इंटरमीडिएट की छात्रा थी और परिवार की सबसे छोटी संतान थी.
घर में थीं दोनों बहनें, कुछ देर बाद मिली दुखद खबर
परिजनों के अनुसार घटना के समय अंबिका के पिता खेत में कृषि कार्य की तैयारी में लगे हुए थे, जबकि उसकी मां खेत में मूंग की तुड़ाई करने गई थीं. घर में केवल दोनों बहनें मौजूद थीं. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. कुछ समय बाद परिवार के लोगों को अंबिका के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अंबिका तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी. उसकी असामयिक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. घर में मातम का माहौल है और परिजन लगातार रो-बिलख रहे हैं. गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.
चर्चाओं के बीच पुलिस ने बरती सतर्कता
घटना के बाद गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं. हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावित कारण पर टिप्पणी करने से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
जदिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उदय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना
घटना की जानकारी मिलते ही जदिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय अग्रवाल, सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि यूनुस रहमानी, पंचायत समिति सदस्य मो. जमील तथा शिक्षक अनिल यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. सभी ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










