संदिग्ध हालत में विवाहिता का मिला शव, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

पांच वर्ष पूर्व हुई थी शादी
– पांच वर्ष पूर्व हुई थी शादी सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के हरदी पश्चिम पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 06 स्थित बिशनपुर गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान संजीत मुखिया की 26 वर्षीया पत्नी सुलेखा देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में कोहराम मच गया. मृतका के पिता सत्यनारायण मुखिया ने सदर थाना में आवेदन देकर बेटी के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी सुलेखा की शादी बिशनपुर गांव निवासी सिंहेश्वर मुखिया के पुत्र संजीत मुखिया से की थी. शादी के बाद सुलेखा को एक बेटा और एक बेटी हुआ. सत्यनारायण मुखिया का आरोप है कि बेटी के यहां लड़की होने के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग नकद दो लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. उन्होंने बताया कि करीब तीन-चार माह पूर्व भी दहेज को लेकर मारपीट कर सुलेखा को घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी. बताया कि ननद की शादी में शामिल होने के लिए सुलेखा करीब पंद्रह दिन पहले ससुराल गई थी. मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मायके में फोन कर बताया गया कि सुलेखा की मौत हो गई है. सूचना मिलते ही परिजन गांव पहुंचे तो देखा कि सुलेखा का शव घर में पड़ा हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, वहीं पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए. मायके वालों ने बताया कि सुलेखा अपने पीछे डेढ़ वर्ष की बेटी साक्षी और ढाई वर्ष का एक बेटा छोड़ गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




