सीवान के मैरवा पंचायत समिति की बैठक में छाया राशन-किरासन, नल-जल और बिजली का मुद्दा

Updated:
विज्ञापन

मैरवा में पंचायत समिति की बैठक में मुखिया मुद्दा रखते

Marwa Panchayat Samiti: सीवान के मैरवा प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. राशन कार्ड से गरीबों के नाम हटने, नल-जल योजना की बदहाली और बिजली-सोलर लाइट में अनियमितताओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई.

विज्ञापन

Marwa Panchayat Samiti: मैरवा प्रखंड सभागार में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख वीरेंद्र भगत की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में राशन-किरासन, नल-जल, बिजली, सोलर लाइट, स्वच्छता, मनरेगा समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को सदन के समक्ष रखा. कई मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब मांगा गया, जिससे बैठक के दौरान कई बार सदन में गर्माहट भी देखने को मिली.

पंचायत सरकार भवनों में कर्मियों के नहीं बैठने का उठा मुद्दा

मुड़ियारी पंचायत के मुखिया अजय भास्कर चौहान ने पंचायत सरकार भवनों में राजस्व एवं प्रखंड कर्मियों के नहीं बैठने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सवाल किया कि राजस्व कर्मचारी, ग्राम कचहरी सचिव, तकनीकी सहायक, लेखपाल और पंचायत रोजगार सेवक पंचायत सरकार भवन में क्यों नहीं बैठते हैं. उन्होंने इस मामले को बैठक की प्रोसेडिंग में दर्ज करने के साथ जांच कमेटी गठित कर जांच कराने की मांग की. उन्होंने बिजली कनेक्शन के नाम पर अवैध रूप से राशि वसूले जाने का भी आरोप लगाया.

राशन कार्ड से गरीब लाभुकों के नाम हटने पर सवाल

मुखिया तनवीर अहमद ने राशन कार्ड से गरीब लाभुकों के नाम हटने का मामला उठाया. उन्होंने मृत लाभुकों के नाम हटाने के साथ पात्र लाभुकों के नाम में हुई गड़बड़ियों को दूर करने की मांग की. डीलरों द्वारा चार किलो राशन देने और राशन कार्ड बनाने के नाम पर राशि लेने का मामला भी सदन में उठाया गया.

कई वार्डों में नल-जल योजना बदहाल

नल-जल योजना की बदहाल स्थिति पर भी सदस्यों ने नाराजगी जतायी. कई वार्डों में मोटर और पंप खराब रहने तथा नियमित जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत की गयी. सदस्यों ने बताया कि वार्ड संख्या 1, 4, 6 और 8 समेत कई जगहों पर ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है.

सोलर लाइट योजना में भी अनियमितता का आरोप

सोलर लाइट योजना को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाये. सदस्यों ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में सोलर लाइट लगाने का प्रावधान है, लेकिन कई जगह निर्धारित संख्या में लाइट नहीं लगायी गयी है. जहां लाइटें लगायी गयी हैं, उनमें भी कई खराब पड़ी हैं.

स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर भी हुई चर्चा

बैठक में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन का मुद्दा भी उठा. पंचायत क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने की मांग की गयी. विभिन्न योजनाओं के भुगतान और कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर भी सदस्यों ने चर्चा की.

सदस्यों ने अधिकारियों से कहा कि पंचायत समिति की बैठकों में उठाये जाने वाले मुद्दों पर केवल आश्वासन देने के बजाय धरातल पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सकेगा.

समय सीमा के अंदर समस्याओं के समाधान का निर्देश

प्रमुख वीरेंद्र भगत ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचना चाहिए. बैठक में उठाये गये सभी मुद्दों का समय सीमा के अंदर समाधान कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है. पंचायत समिति क्षेत्र की समस्याओं की लगातार निगरानी की जायेगी.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे में दहेज की बलि चढ़ी दो बच्चों की मां, 2 लाख रुपये के लिए सास-ननद ने ली जान, दो हिरासत में एक ननद फरार


विज्ञापन
राजन कुमार

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन