सीवान के धमई नदी तट पर भव्य गंगा आरती, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
धमई नदी के तट पर गंगा आरती करते श्रद्धालु
भगवानपुर हाट के बड़कागांव में धमई नदी के तट पर मंगलवार को भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ. इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. आरती के माध्यम से नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया.
Bhagwanpur Haat Ganga Aarti: भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र के बड़कागांव स्थित धमई नदी के तट पर मंगलवार को श्रद्धा और आस्था के साथ भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया. आरती में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए. आरती के दौरान पूरा नदी तट भक्तिमय माहौल से गूंज उठा.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह उपस्थित रहे. श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नदी की आरती उतारी तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. आरती के दौरान नदी तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से धार्मिक जयघोष किया.
नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास
आयोजक विकास सिंह विरपन ने बताया कि धमई नदी के प्रति लोगों की आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के माध्यम से लोगों को नदियों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है.
कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. मौके पर मुखिया प्रियंका सिंह, अमित कुमार, हीरालाल यादव, लक्ष्मण प्रसाद, चुनचुन सिंह, रंजीत शर्मा, आशुतोष सिंह, रीझन राय, समीर सौरभ, दीपक कुमार, अश्विनी सिंह, विनय कुमार, ओमप्रकाश शर्मा, छोटेलाल महतो, डब्लू कुमार, आयुष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











