सीवान के दरौली पंचायत समिति की बैठक में हंगामा, चार साल से सवालों का जवाब नहीं मिलने का आरोप

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिन जनप्रतिनिधि

दरौली प्रखंड मुख्यालय में पंचायत समिति की बैठक हंगामे में तब्दील हो गई. जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कथित मनमानी और उदासीनता के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई. पिछली बैठकों की कार्यवाही पर विवाद और चार साल से सवालों के जवाब न मिलने के आरोप ने माहौल गरमाया.

विज्ञापन

Darouli Panchayat Samiti: दरौली प्रखंड मुख्यालय स्थित शिक्षा संकुल केंद्र में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक अधिकारियों की कथित मनमानी और उदासीनता को लेकर हंगामेदार रही. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शांति देवी ने की. बैठक शुरू होने से पहले ही जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों और कर्मियों के रवैये व कथित बदसलूकी को लेकर जमकर नाराजगी जतायी. इस दौरान बीडीसी सदस्य अनूप कुमार शर्मा और सौरभ सिंह विरोध करते हुए सदन से वाकआउट कर गये. हालांकि, अन्य सदस्यों के अनुरोध पर दोनों वापस बैठक में लौट आये.

पिछली बैठक की प्रोसेडिंग को लेकर हुआ विवाद

बैठक की शुरुआत में दरौली पंचायत के मुखिया लालबहादुर ने पिछली बैठक की प्रोसेडिंग और संपुष्टि को लेकर बीपीआरओ व बीडीओ से जवाब मांगा. उप प्रमुख उमेश यादव ने भी उनका समर्थन किया. मुखिया श्यामा यादव, देवेंद्र सिंह समेत कई सदस्यों ने बीपीआरओ से जवाब देने की मांग की. करीब एक घंटे तक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस होती रही. बाद में सीओ विद्याभूषण भारती के आश्वासन के बाद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ सकी.

चार साल से नहीं मिला सवालों का जवाब

बैठक में अधिकांश मुखिया और बीडीसी सदस्य अपनी समस्याओं को लेकर आक्रोशित दिखे. अनूप कुमार शर्मा ने अपने पंचायत में विभिन्न योजनाओं में अनियमितता का आरोप लगाया. सौरभ सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों से सदन में उठाये जा रहे सवालों का जवाब नहीं मिला है. उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की.

बिजली कंपनी के जेई के बैठक में उपस्थित नहीं होने पर भी सदस्यों ने जमकर विरोध किया. जेई के स्थान पर दूसरे कर्मी के पहुंचने पर सदस्यों ने उसे बैठक से बाहर कर दिया. उप प्रमुख उमेश यादव ने आरोप लगाया कि जेई पद का दुरुपयोग कर निर्दोष आम लोगों को परेशान कर रहे हैं. सदस्यों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की.

चार हजार रुपये लेकर राशन कार्ड बनाने का आरोप

सरहरवा पंचायत की मुखिया श्यामा यादव ने राशन कार्ड को लेकर सदन में जोरदार विरोध जताया. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का राशन कार्ड नहीं बनाया जा रहा है और राशन कार्ड बनवाने के नाम पर चार हजार रुपये तक लिये जा रहे हैं. उन्होंने डीलरों पर अधिकारियों से मिलीभगत कर लाभुकों को मात्र चार किलो राशन देने का भी आरोप लगाया. मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गयी.

बैठक में मुखिया देवेंद्र सिंह, लालबहादुर, रविंद्र बैठा, अजीत कुमार, श्यामा यादव, रूपा देवी, भूषण सिंह, रविंद्र सिंह, बुनेला बैठा, विकास सिंह, बलिंद्र यादव, रणजीत कुमार, रिंकू देवी, नूरआलम, परमिला देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे. वहीं बीडीओ दीप्ति शिखा, सीओ विद्याभूषण भारती, मनरेगा पीओ ज्योति सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे में दहेज की बलि चढ़ी दो बच्चों की मां, 2 लाख रुपये के लिए सास-ननद ने ली जान, दो हिरासत में एक ननद फरार


विज्ञापन
मनीष गिरि

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन