सीवान: खसरा-रूबैला टीकाकरण अभियान, 31 अगस्त तक छूटे बच्चों को लगेगा टीका
बिहार में 2026 तक खसरा-रूबैला उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है. सीवान में, 31 अगस्त तक 9 महीने से 5 साल तक के सभी छूटे हुए बच्चों को टीका लगाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करना है.
Siwan News: बिहार में वर्ष 2026 तक खसरा-रूबैला के उन्मूलन और शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है. राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर 31 अगस्त तक अभियान चलाकर खसरा-रूबैला टीकाकरण से छूटे सभी पात्र बच्चों को टीका लगाया जायेगा. सीवान में भी अभियान के तहत छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ने की तैयारी की जा रही है.
नियमित टीकाकरण सत्रों के अलावा स्वास्थ्य संस्थानों में भी विशेष व्यवस्था की जायेगी. स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि कोई भी पात्र बच्चा खसरा-रूबैला की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए.
जनवरी से जून तक 58,002 बच्चे टीकाकरण से छूटे
जनवरी से जून 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 161 प्रखंडों में 35,969 बच्चे एमआर-1 की खुराक से वंचित रह गये हैं. वहीं 104 प्रखंडों में 22,033 बच्चे एमआर-2 की खुराक नहीं ले सके हैं. इस तरह कुल 58,002 बच्चों को चिह्नित कर उनका टीकाकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
इसके लिए 9 माह से 5 वर्ष आयु वर्ग के छूटे बच्चों का सर्वे कराया जायेगा और देय सूची तैयार की जायेगी. सूची तैयार होने के बाद बच्चों को टीकाकरण सत्रों से जोड़कर एमआर की छूटी हुई खुराक दी जायेगी.
14 अगस्त तक तैयार होगी छूटे बच्चों की सूची
छूटे हुए बच्चों की पहचान के बाद प्रखंड स्तर से जिला और जिला स्तर से राज्य स्तर पर रिपोर्ट भेजी जायेगी. देय सूची तैयार कर रिपोर्ट भेजने के लिए 14 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है.
इसके बाद नियमित टीकाकरण सत्रों के साथ स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडल अस्पताल और जिला अस्पताल में भी बच्चों का टीकाकरण कराया जायेगा.
टीकाकरण के साथ मिलेगी विटामिन-ए की खुराक
अभियान के दौरान 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार विटामिन-ए की खुराक भी दी जायेगी. अगस्त से अगले तीन महीनों तक नियमित टीकाकरण और ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के सत्रों का प्रभावी उपयोग किया जायेगा.
इस दौरान विटामिन-ए की खुराक से छूटे बच्चों की भी पहचान की जायेगी, ताकि उन्हें समय पर खुराक दी जा सके.
टीके की कमी नहीं होने देने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी टीकाकरण सत्र या स्वास्थ्य संस्थान पर खसरा-रूबैला के टीके की कमी नहीं होनी चाहिए. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टीके उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जायेगी, ताकि अभियान के दौरान किसी पात्र बच्चे को टीका लगने से वंचित नहीं रहना पड़े.
यू-विन पोर्टल पर दर्ज होगा बच्चों का आंकड़ा
अभियान के तहत टीका लेने वाले प्रत्येक बच्चे का आंकड़ा स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली और यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज किया जायेगा. अभियान की दैनिक प्रगति की निगरानी गूगल शीट के माध्यम से की जायेगी.
जिला और प्रखंड स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा होगी. कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
जनप्रतिनिधियों और जीविका समूहों की ली जायेगी मदद
अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका समूहों और सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जायेगा.
इनके माध्यम से अभिभावकों को खसरा-रूबैला टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जायेगी और छूटे हुए बच्चों को टीकाकरण सत्र तक लाने के लिए प्रेरित किया जायेगा. अभियान की निगरानी के लिए प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक और जिला सामुदायिक उत्प्रेरक को नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गयी है.
खसरा-रूबैला से गंभीर बीमारियों का खतरा
खसरा और रूबैला अत्यंत संक्रामक बीमारियां हैं. खसरे के कारण बच्चों में निमोनिया, दस्त और मस्तिष्क संक्रमण जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं.
वहीं गर्भावस्था के शुरुआती दौर में रूबैला संक्रमण होने पर नवजात में जन्मजात रूबैला सिंड्रोम का खतरा रहता है. इससे बच्चे में बहरापन, अंधापन, हृदय संबंधी बीमारी और मानसिक विकास से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को 9 से 12 माह की उम्र में एमआर की पहली खुराक और 16 से 24 माह की उम्र में दूसरी खुराक दी जाती है. स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि उनके बच्चे की एमआर की कोई खुराक छूट गयी है, तो विशेष अभियान के दौरान उसे अवश्य लगवायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











