सीवान में स्वतंत्रता दिवस पर स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं फहराया गया तिरंगा, प्रभारी चिकित्साधिकारी ने दी सफाई
फ़ोटो. स्वास्थ्य केंद्र
80वें स्वतंत्रता दिवस पर हसनपुरा प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरंडा में तिरंगा नहीं फहराया गया. अस्पताल परिसर में जलजमाव को इसका कारण बताया गया, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था न होने पर लोग सवाल उठा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों की संवेदनशीलता पर प्रश्न उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है.
Independence Day: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जहां प्रखंड के सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया गया, वहीं हसनपुरा प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरंडा में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया. राष्ट्रीय पर्व के दिन स्वास्थ्य केंद्र में झंडोत्तोलन नहीं होने की जानकारी सामने आने के बाद विभागीय व्यवस्था और जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.
अस्पताल परिसर में जलजमाव को बताया कारण
मामले में चिकित्सा प्रभारी से जानकारी लेने पर उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी जमा होने को झंडोत्तोलन नहीं किए जाने का कारण बताया. हालांकि, परिसर में जलजमाव के बावजूद राष्ट्रीय पर्व पर झंडोत्तोलन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर पहले से कार्यक्रम निर्धारित था. ऐसे में यदि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी जमा था तो किसी सुरक्षित स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था की जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया.
सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में तिरंगा नहीं फहराने पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है. ऐसे दिन सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जाना गंभीर मामला है. इससे विभागीय अधिकारियों की संवेदनशीलता और व्यवस्था पर भी सवाल उठता है.
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने और झंडोत्तोलन नहीं होने के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जलजमाव की समस्या पहले से थी तो समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई.
कई दिनों से पानी भरे होने से स्वास्थ्य केंद्र का संचालन प्रभावित
प्रभारी चिकित्सक प्रिया दास ने बताया कि अस्पताल परिसर में पानी होने के कारण ध्वजारोहण नहीं किया गया. वहीं कुछ दिनों से अस्पताल में पानी भरे होने के कारण अस्पताल का संचालन भी नहीं हो रहा है.
कार्रवाई पर लोगों की नजर
मामला सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है.
बोली प्रभारी
अस्पताल परिसर में पानी होने के कारण ध्वजारोहण नहीं किया गया. वहीं कुछ दिनों से अस्पताल में पानी भरे होने के कारण अस्पताल का संचालन भी नहीं हो रहा है.
प्रिया दास, प्रभारी चिकित्सक, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अरंडा, हसनपुरा
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











