सीवान: ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्रों को मिलेगा प्रशिक्षण, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर होगी विशेष जानकारी

फ़ोटो.बैठक में शामिल लोग
सीवान के आंदर प्रखंड में ग्रामरक्षा दल और पुलिस मित्रों के प्रशिक्षण को लेकर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर चर्चा की गई।
सीवान: ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्रों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को आंदर प्रखंड के आसांव पंचायत भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला पर्यवेक्षक नीरज कुमार सिंह ने की. इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के साथ गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्रों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गयी.
पुलिस और आम लोगों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्र पुलिस प्रशासन और आम लोगों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं. इनके सहयोग से गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की समय पर सूचना पुलिस तक पहुंचाने में मदद मिलती है.
वक्ताओं ने सभी सदस्यों से अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की. साथ ही गांवों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर पुलिस प्रशासन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.
कानून-व्यवस्था और साइबर अपराध से बचाव की मिलेगी जानकारी
बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया. प्रशिक्षण के दौरान ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्रों को कानून की बुनियादी जानकारी के साथ आपदा प्रबंधन, यातायात जागरूकता, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी जाएगी.
प्रशिक्षण का उद्देश्य सदस्यों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ बदलते समय में सामने आ रही चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार करना है.
पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में पंचायत स्तर पर संगठन का विस्तार करने, नए सदस्यों को जोड़ने और नियमित बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि प्रशिक्षित ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्र गांवों में जागरूकता फैलाने के साथ अपराध नियंत्रण में भी पुलिस प्रशासन का प्रभावी सहयोग कर सकते हैं. इसके लिए सभी सदस्यों का सक्रिय, सतर्क और जिम्मेदार होना जरूरी है.
बड़ी संख्या में सदस्य रहे मौजूद
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, लालबाबू राम, सुदीश यादव, अर्जुन भगत, राकेश कुमार चौधरी, सुजीत कुमार भारती, ब्रजेशमणि त्रिपाठी, ब्रजेश दूबे, मंतोष कुमार, बिजेंद्र कुमार, सोनू कुमार, जैतून निशा, बिंदा देवी, कमलावती देवी, श्याम सुंदर, लोकनाथ चौहान, संजय जायसवाल, मृत्युंजय कुमार, प्रभु पटेल, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामरक्षा दल सह पुलिस मित्र उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











