सीवान में चेहल्लुम को लेकर शांति समिति की बैठक, निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा जुलूस

Updated:
विज्ञापन
बैठक में शामिल शांति समिति के सदस्य व पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

बैठक में शामिल शांति समिति के सदस्य व पदाधिकारी

सीवान में चेहल्लुम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। प्रशासन ने तय रूट से जुलूस निकालने और अफवाहों से बचने की अपील की है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

विज्ञापन

सीवान: आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की. इसमें विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य और जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए.

आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी

बैठक में चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी. जिला पदाधिकारी ने कहा कि सीवान की पहचान हमेशा आपसी सौहार्द और भाईचारे की रही है. इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है. अफवाह फैलाने, धार्मिक भावनाओं को भड़काने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन सख्त और त्वरित कानूनी कार्रवाई करेगा.

निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा चेहल्लुम का जुलूस

बैठक में निर्णय लिया गया कि चेहल्लुम का जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा. शांति समिति के सदस्यों से जुलूस के निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की गयी, ताकि समय पर जुलूस संपन्न होने के बाद शहर में विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल की जा सके.

प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी इंतजाम सुनिश्चित करने की बात कही गयी.

जुलूस मार्ग पर विशेष सफाई का निर्देश

जिलाधिकारी ने नगर परिषद के अधिकारियों को जुलूस के मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

वहीं, सिविल सर्जन को जुलूस के दौरान आवश्यक स्थानों पर एंबुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायी जा सके.

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

बैठक में प्रशासन ने जिलेवासियों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की. अधिकारियों ने लोगों से कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से बिना सत्यापन के कोई सूचना प्रसारित न करें.

साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की गयी. बैठक के अंत में सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया और बैठक समाप्त हुई.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


विज्ञापन
मनीष गिरि

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन