बंगाल पुलिस ने शीर्ष नक्सली नेता असीम मंडल को कब और कैसे किया गिरफ्तार, पुलिस कमिश्नर ने बताया
कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंद और पटाशपुर से गिरफ्तार शीर्ष नक्सली नेता असीम मंडल उर्फ आकाश. फोटो : प्रभात खबर
कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन के शीर्ष नेता असीम मंडल उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया है. पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की संक्षिप्त कहानी बतायी है, जिसमें एसटीएफ की लगातार घेराबंदी और उसका पीछा करना शामिल था. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
Kolkata Police Commissioner on Naxalite Asim Mandal Arrest: कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन के शीर्ष नेता असीम मंडल उर्फ आकाश को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस और सुरक्षा बलों की नाक में दम कर देने वाले इस नक्सली की गिरफ्तारी कब और कैसे हुई, इसके बारे में आधिकारिक जानकारी सामने आ गयी है. कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने खुद इसकी जानकारी दी है.
आकाश का लगातार पीछा कर रही थी एसटीएफ की टीम
पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि असीम मंडल उर्फ आकाश बंगाल में है. उसके आधार पर एसटीएफ की टीम लगाातर उसका पीछा कर रही थी. हालांकि, पुलिस की टीम इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं थी कि वे जिस शख्स का पीछा कर रहे हैं, वही नक्सली नेता असीम मंडल उर्फ आकाश है. लेकिन एसटीएफ के अधिकारियों को जो सूचना मिली थी, उसके आधार पर वे लगातार उस शख्स का पीछा करते रहे और अंतत: पूर्व मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर स्थित ललाट गांव में उसे धर दबोचा.

असीम का लोकेशन तक नहीं था पुलिस के पास : कमिश्नर
कोलकाता के पुलिस कमिश्नर ने पत्रकारों को बताया कि आकाश का पीछा कर रही पुलिस की टीम को यह भी नहीं पता था कि इतना बड़ा नक्सली कितने लोगों के साथ घूम रहा है. यह भी नहीं मालूम था कि उसका लोकेशन क्या है. बावजूद इसके, एसटीएफ के अधिकारियों की टीम ने उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और दिन में 1:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें: झारखंड, ओडिशा में सक्रिय माओवादी असीम मंडल उर्फ 'आकाश' बंगाल के पटाशपुर से गिरफ्तार, 2.20 करोड़ का था इनाम
कोटेश्वर राव के एनकाउंटर के बाद झारखंड शिफ्ट हो गया असीम
अजय नंद ने यह भी बताया कि वर्ष 2011 में तब के टॉप नक्सल लीडर कोटेश्वर राव उर्फ किशन जी के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद बंगाल के अधिकतर नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया था. असीम मंडल समेत कई नक्सली झारखंड की सीमा में चले गये और उधर ही माओवादी गतिविधियों को अंजाम देते रहे. पुलिस कमिश्नर से जब पूछा गया कि क्या मंडल पर बंगाल सरकार ने कोई इनाम घोषित कर रखा था, तो उन्होंने कहा नहीं.
झारखंड ने 1 करोड़, ओडिशा ने 1.20 करोड़ रखा था इनाम
असीम मंडल उर्फ आकाश प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी की सेंट्रल कमेटी का आखिरी जीवित सदस्य है. असीम मंडल पर झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपए और ओडिशा की सरकार ने 1.20 करोड़ रुपए का इनाम घोषित कर रखा है. इस तरह असीम मंडल उर्फ आकाश पर कुल 2.20 करोड़ रुपए का इनाम रखा था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए