झारखंड, ओडिशा में सक्रिय माओवादी असीम मंडल उर्फ 'आकाश' बंगाल के पटाशपुर से गिरफ्तार, 2.20 करोड़ का था इनाम

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पश्चिम बंगाल पुलिस की STF ने प्रतिबंधित CPI (माओवादी) के शीर्ष नेता असीम मंडल उर्फ 'आकाश' को गिरफ्तार किया है. वह 15 वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दे रहा था और उस पर 2.20 करोड़ रुपए का इनाम था.

विज्ञापन

पूर्व मेदिनीपुर से रंजन माइती की रिपोर्ट

विज्ञापन

बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता असीम मंडल उर्फ ‘आकाश’ को पूर्व मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर से गिरफ्तार किया है. आकाश को गुरुवार सुबह पटाशपुर के नैपुर इलाके से पकड़ा गया. वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच रहा था. असीम मंडल की ससुराल पटाशपुर में है और वह हाल ही में एक व्यक्ति की मदद से भेष (हुलिया) बदलकर वहां पहुंचा था.

दो बैग से मिले ये सामान

स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कार्रवाई के बाद स्थानीय जिला पुलिस ने फिलहाल मामले पर कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. जांच एजेंसियां गिरफ्तारी के बाद उसके संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं. पुलिस का दावा है कि असीम मंडल के पास से 2 बैग, कुछ किताबें और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुए हैं. इन सामानों की भी जांच की जा रही है.

आकाश पर दर्ज हैं 100 से अधिक केस, जानें किन मामलों को दिया अंजाम

  • असीम मंडल उर्फ आकाश के खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.
  • पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले, विस्फोट तथा अन्य हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है आकाश
  • पूर्वी सिंहभूम के सांसद सुनील महतो हत्याकांड में भी कथित तौर पर नामजद था आकाश.
  • झारखंड के सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था असीम मंडल उर्फ आकाश.
  • वर्ष 2003 में सारंडा के गुवा थाने पर हमले से लेकर घाटशिला लैंडमाइंस विस्फोट तक में आया था आकाश का ना.
  • 30 अगस्त 2008 को पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र के बुरुडीह में लैंडमाइंस विस्फोट में एक दारोगा समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हुई मामले में भी आया था असीम मंडल का नाम.

मुख्यमंत्री ने X पर दी गिरफ्तारी की जानकारी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर असीम मंडल की गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने कोलकाता पुलिस STF के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्रवाई की सराहना करते हुए दावा किया कि STF ने CPI (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी के सदस्य और वेस्ट बंगाल स्टेट कमेटी-1 के सचिव असीम मंडल उर्फ आकाश को पटाशपुर के ललाट इलाके से गिरफ्तार किया है.

15 वर्षों से सुरक्षा बलों को चकमा दे रहा था आकाश

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, आकाश 15 वर्षों से अधिक समय से सुरक्षा बलों को चकमा दे रहा था. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी सीमाओं के भीतर माओवादी गतिविधियों को फिर से पनपने और फैलने नहीं देगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चरमपंथी विचारधारा के कारण राज्य के लोगों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे. ऐसी किसी भी साजिश को विफल करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी. असीम मंडल उर्फ आकाश की गिरफ्तारी को लंबे समय से फरार माओवादी नेतृत्व के खिलाफ STF की महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़े कई बिंदुओं पर पुलिस की आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है.

2 करोड़ से अधिक का था इनाम

प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के केंद्रीय कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश पर झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था. आकाश पर झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपए और ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपए का इनाम घोषित कर रखा था. सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के अनुसार, वह झारखंड के कोल्हान और सारंडा क्षेत्र समेत बंगाल-झारखंड सीमा से लगे इलाकों में लंबे समय से माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा था. आकाश उर्फ असीम मंडल (64) पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के फूलचक गांव का रहने वाला बताया जाता है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

1980 के दशक में बना था माओवादी

आकाश 1980 के दशक में छात्र जीवन से ही वामपंथी आंदोलन से जुड़ गया था. बाद में पीपुल्स वार ग्रुप से जुड़ा और वर्ष 2004 में भाकपा (माओवादी) के गठन के बाद संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने लगा. पश्चिम बंगाल के जंगलमहल और पड़ोसी झारखंड में संगठन के विस्तार में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका बतायी जाती है. लालगढ़ आंदोलन के दौरान भी उसका नाम माओवादी संगठन के प्रमुख चेहरों में शुमार था. बाद में वह संगठन की पश्चिम बंगाल राज्य कमेटी में महत्वपूर्ण पद पर पहुंचा.

Also Read: Kolkata Direct Investment: कोलकाता को मिलने वाली है बड़ी सौगात, फ्रांस करेगा सीधा निवेश और शुरू हो सकती है डायरेक्ट फ्लाइट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola