सीवान में जमीन के टुकड़े को लेकर दो पक्षों में कहासुनी, फायरिंग की चर्चा से मड़कन गांव में तनाव
हुसैनगंज थाना की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
Siwan News : सीवान के मड़कन गांव में भूमि विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच कहासुनी से माहौल गरम हो गया. गोली चलने की अफवाहों से तनाव फैल गया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया.
Siwan News : हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मड़कन गांव में गुरुवार को दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम के साथ हुसैनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद गांव में स्थिति सामान्य बतायी जा रही है.
भूमि विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव का दावा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है. गुरुवार दोपहर इसी विवाद को लेकर कुछ यादव और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते मौके पर आसपास के काफी संख्या में लोग जुट गये.
ग्रामीणों का दावा है कि इसी दौरान करीब छह से सात राउंड गोली चलने जैसी आवाज सुनायी दी. कुछ ग्रामीणों के अनुसार, एक पक्ष की ओर से कथित तौर पर बचाव में गोली चलाये जाने की बात कही जा रही है.
पुलिस ने फायरिंग की घटना से किया इनकार
हालांकि, पुलिस ने गोली चलने की घटना से इनकार किया है. हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद ने बताया कि विवाद बच्चों के बीच हुआ था. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया. उन्होंने कहा कि गोली चलने की कोई घटना नहीं हुई है.
गांव में स्थिति शांत, फायरिंग की पुष्टि नहीं
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच कथित फायरिंग को लेकर चर्चा बनी हुई है. हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से गोलीबारी की पुष्टि नहीं की गयी है. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद गांव में स्थिति शांत बतायी जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए