पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल

आरके मिश्रा और किशोर मुन्ना की तस्वीर
Bihar Politics: पटना के जक्कनपुर थाने में प्रशांत किशोर की मौजूदगी में जन सुराज पार्टी के दो सीनियर नेताओं के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला तीखी नोकझोंक तक पहुंच गया? रिटायर्ड डीजी आरके मिश्रा और पूर्व विधायक किशोर मुन्ना के बीच हुए इस विवाद का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Bihar Politics: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले जन सुराज पार्टी के दो वरिष्ठ और संस्थापक नेताओं के बीच पटना के जक्कनपुर थाने में तीखी बहस हो गई. उस समय पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी वहीं मौजूद थे. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों नेताओं के बीच तल्खी खुलकर सामने आ गई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की जानकारी लेने पहुंचे थे प्रशांत किशोर
जन सुराज पार्टी ने एक दिन पहले दावा किया था कि उसके करीब 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है, लेकिन गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई जा रही है. इसी मामले की जानकारी लेने प्रशांत किशोर अपने नेताओं के साथ जक्कनपुर थाना पहुंचे थे. इस दौरान उनकी थानेदार ऋतुराज सिंह से भी तीखी बहस हुई. बातचीत के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया.
वायरलेस सेट उठाने पर शुरू हुआ विवाद
इसी बीच रिटायर्ड आईपीएस और पूर्व होमगार्ड डीजी आरके मिश्रा ने पटना के एसपी से बात करने के लिए टेबल पर रखा पुलिस का वायरलेस हैंडसेट उठा लिया. तभी पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वायरलेस सेट वापस रखिए. उन्होंने यह भी कहा कि अब आप डीजी नहीं हैं और इसे नहीं छू सकते.
यह बात सुनते ही आरके मिश्रा नाराज हो गए. उन्होंने कहा कि वह रिटायर्ड डीजी हैं और एसपी से वायरलेस पर बात कर सकते हैं. उन्होंने किशोर कुमार मुन्ना से कहा कि हम कर सकते हैं आप नहीं कर सकते. इसके बाद दोनों में खूब बहस हुई. इसके बाद वहां मौजूद अन्य नेताओं और पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने साधा निशाना
घटना का वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जन सुराज पर हमला बोला. बीजेपी की बिहार इकाई ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
"सोचिए जब ये पूर्व डीजी जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति के साथ बदतमीजी कर सकते हैं, तो आम जनता के साथ इनका व्यवहार कैसा होगा? बांकीपुर की जनता अहंकार नहीं, बल्कि फिर से सम्मान, संस्कार और सुशासन की राजनीति चाहती है."
दोनों नेता जन सुराज के संस्थापक चेहरों में शामिल
किशोर कुमार मुन्ना कोसी क्षेत्र के चर्चित नेताओं में गिने जाते हैं. वह सहरसा जिले की सोनवर्षा राज सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं. विधानसभा चुनाव 2025 में उन्होंने सहरसा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां वह तीसरे स्थान पर रहे.
वहीं, आरके मिश्रा बिहार पुलिस के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी हैं. उन्होंने दरभंगा विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था और वह भी तीसरे स्थान पर रहे. दोनों नेता जन सुराज पार्टी की स्थापना के समय से ही प्रशांत किशोर के साथ जुड़े हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










