टुलू मंडल ने बेटी की शादी पर खर्च किये थे 150 करोड़ रुपए, समधी पर भी गंभीर आरोप

Updated:
विज्ञापन
फोटो। | Prabhat Khabar Network

टुलू मंडल की बेटी की शादी के लिए बना आलीशान पंडाल. फोटो। | Prabhat Khabar Network

पत्थर कारोबारी टुलू मंडल की बेटी की 150 करोड़ की भव्य शादी जांच के बीच फिर चर्चा में है. शादी में बॉलीवुड से लेकर टॉलीवुड के सितारों का जमावड़ा लगा था. खान-पान के शाही इंतजाम भी लोगों को याद आ रहे हैं.

विज्ञापन

बीरभूम जिले के चर्चित पत्थर कारोबारी टुलू मंडल पर जांच एजेंसियों का शिकंजा कसने के बीच दिसंबर 2024 में हुई उनकी बेटी की भव्य शादी एक बार फिर चर्चा में आ गयी है. स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि इस शादी पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किये गये थे. हालांकि, इस खर्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

तस्करी का आरोपी है टुलू का समधी

जानकारी के अनुसार, टुलू मंडल की बेटी का विवाह बारिक विश्वास के बेटे से हुआ था. बारिक विश्वास का नाम वर्षों से भारत-बांग्लादेश सीमा पर कथित तस्करी के मामलों में सामने आता रहा है. वर्ष 2021 में कोयला घोटाले की जांच के दौरान सीबीआई ने उनके आवास पर तलाशी ली थी. इसके बाद वर्ष 2023 की शुरुआत में राज्य की सीआइडी ने उन्हें एक मामले में गिरफ्तार किया था. बाद में उन्हें जमानत मिल गयी थी.

ये भी पढ़ें: टूलू मंडल के दिहाड़ी मजदूर से पत्थर कारोबार का बेताज बादशाह बनने की पूरी कहानी

शादी में आये थे बॉलीवुड और टॉलीवुड के सितारे

यह शादी उस समय पूरे बीरभूम जिले में चर्चा का विषय बन गई थी. समारोह में टॉलीवुड और बॉलीवुड के कई चर्चित कलाकार शामिल हुए थे. अभिनेता अंकुश हाजरा, दर्शना बनिक, अरबाज खान, जरीन खान, असरानी, आफताब शिवदासानी, जयाप्रदा समेत कई फिल्मी हस्तियां समारोह में पहुंची थीं. वहीं, बॉलीवुड पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर ने लाइव प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया था. शादी से पहले भी कई फिल्मी सितारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नवदंपती को शुभकामनाएं दी थीं. इससे समारोह को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता देखी गयी थी.

ये भी पढ़ें: बंगाल: मीनार मंडल गिरफ्तार, टुलु मंडल फरार, आखिर क्या है 'सोने' के खाजाने की पूरी कहानी

महल जैसा पंडाल, 70 किस्म के व्यंजन

शादी के लिए विशाल क्षेत्र में राजमहल की तर्ज पर भव्य अस्थायी पंडाल बनाया गया था.आधुनिक लाइटिंग, आकर्षक सजावट और वीआईपी मेहमानों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी.मेहमानों की सुविधा के लिए करीब 30 स्थायी शौचालय बनाए गए थे. भोजन की व्यवस्था भी विशेष आकर्षण रही थी . समारोह में करीब 70 प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें भारतीय और विदेशी पकवान शामिल थे. कार्यक्रम में प्रवेश केवल विशेष रिस्टबैंड के जरिए ही दिया गया था, जिसकी व्यवस्था एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने की थी.

ये भी पढ़ें: सरकारी बस के पूर्व ड्राइवर के घर मिले 15 किलो सोना, 5.5 करोड़ रुपए, देखें तस्वीरें

अधिकारी से नेता तक आये थे शादी में

स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी में फिल्मी सितारों के अलावा प्रशासन, कारोबार और राजनीति से जुड़े कई प्रभावशाली लोग भी शामिल हुए थे. सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी थी. शादी के कई सप्ताह बाद तक इसकी भव्यता पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी रही.अब जब टुलू मंडल से जुड़े मामलों की जांच चल रही है, तब यह भव्य शादी और उस पर हुए कथित खर्च को लेकर भी इलाके में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है.हालांकि, शादी में हुए खर्च और उससे जुड़े अन्य दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.


विज्ञापन
Mukesh Tiwari

लेखक के बारे में

By Mukesh Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola