पुरुलिया में करम महापर्व की भव्य तैयारी, 40 हजार नृत्य दलों के बीच मौजूद रहेंगे शुभेंदु अधिकारी
करम महापर्व पर जमा होते नृत्य दल के सदस्य.
पुरुलिया करम महापर्व के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे. 40 हजार नृत्य दलों के साथ यह उत्सव खास होने वाला है.
पुरुलिया से शिव कुमार राउत की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के रविवार को पुरुलिया दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत टामना थाना क्षेत्र के कड़ाडी मैदान से करेंगे. वह आकाश मार्ग से कड़ाडी मैदान पहुंचेंगे और आदिवासी कुड़मी समाज की ओर से आयोजित करम महापर्व के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. करम महापर्व में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजक कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटे हैं.
पूरे इलाके में उत्साह का माहौल
कड़ाडी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है. पश्चिम बंगाल के अलावा झारखंड और ओडिशा से भी करम नृत्य कलाकार और कुड़मी समाज के लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं. आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 40 हजार करम नृत्य दल हिस्सा लेंगे. इतने बड़े स्तर पर आयोजित करम नृत्य कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है. मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पुरुलिया में तैयारियों का अंतिम दौर चल रहा है.
मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह
आदिवासी कुड़मी समाज के लिए मुख्यमंत्री का इस कार्यक्रम में शामिल होना खास महत्व रखता है. समाज के लोगों में इसे लेकर खुशी का माहौल है. समाज की सदस्य बेलारानी महतो ने कहा कि करम परब को लेकर लंबे समय से तैयारियां चल रही थीं. अब कार्यक्रम अंतिम चरण में पहुंच चुका है और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने से समाज के लोग काफी खुश और गौरवान्वित हैं. उन्होंने कहा कि करम परब के अवसर पर सभी लोग एक साथ एक मंच पर पारंपरिक करम नृत्य और उत्सव का आनंद ले सकेंगे. उनके मुताबिक, समाज के लिए यह गर्व का क्षण है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
प्रशासनिक बैठक भी करेंगे मुख्यमंत्री
कड़ाडी मैदान में करम महापर्व के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पुरुलिया शहर के सर्किट हाउस में प्रशासनिक बैठक करेंगे. इसके बाद वह रवींद्र भवन में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल पर अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कड़ाडी मैदान से लेकर पुरुलिया शहर तक तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
Also Read: शुभेंदु अधिकारी ने ठुकराई विश्व हिंदू परिषद की मांग, बोले- दुर्गा पूजा में मांसाहार पर रोक नहीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए