सरपंच विनोद कुशवाहा मौत मामला: सरपंच संघ ने की जांच की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो इस्तीफे की चेतावनी

दिवंगत सरपंच विनोद कुशवाहा के आवास पर बैठक करते जिला सरपंच संघ के सदस्य
हरदोबारा पंचायत के सरपंच विनोद कुशवाहा की संदिग्ध मौत के मामले में जिला सरपंच संघ ने परिजनों से मुलाकात की. संघ ने दोषियों की गिरफ्तारी और न्यायिक जांच की मांग की है. कार्रवाई न होने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी गई है.
Siwan News: बड़हरिया प्रखंड की हरदोबारा पंचायत के सरपंच और बभनबारा निवासी दिवंगत विनोद कुशवाहा की संदिग्ध मौत के मामले में जिला सरपंच संघ ने रविवार को उनके परिजनों से मुलाकात की. संघ के पदाधिकारियों ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया.
इसके बाद दिवंगत सरपंच के आवास पर जिला सरपंच संघ की बैठक जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में सरपंच विनोद कुशवाहा की संदिग्ध मौत के कई दिन बीत जाने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने पर संघ के सदस्यों ने चिंता जतायी और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की.
दोषियों की गिरफ्तारी और न्यायिक जांच की मांग
बैठक में जिला सरपंच संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन करने, दोषियों की गिरफ्तारी और न्यायिक जांच कराने की मांग की. जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि इस मामले को लेकर संघ गंभीर है और जल्द ही जिला मुख्यालय में सरपंच संघ की बैठक आयोजित की जाएगी.
उन्होंने बताया कि बैठक के बाद संघ का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग करेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के सरपंच सामूहिक इस्तीफा देने जैसे कठोर कदम पर विचार करने को मजबूर होंगे.
एसडीपीओ ने मांगा दो-तीन दिनों का समय
जिलाध्यक्ष ने बताया कि मामले के सुपरविजन के दौरान परिजनों से मिलने पहुंचे एसडीपीओ अजय कुमार सिंह से भी संघ के सदस्यों ने बातचीत की. इस दौरान एसडीपीओ ने मामले के उद्भेदन के लिए दो-तीन दिनों का समय मांगा है.
बैठक में पचरुखी प्रखंड अध्यक्ष वीरेश तिवारी, सिसवन प्रखंड अध्यक्ष दिलीप सिंह, बड़हरिया प्रखंड अध्यक्ष झगरु यादव, उपाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, पचरुखी उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, गौरीशंकर सिंह, अबरार अहमद सहित बड़ी संख्या में सरपंच मौजूद रहे.
परिजनों को दी आर्थिक सहायता
बैठक से पूर्व जिला पार्षद विनोद सिंह ने दिवंगत सरपंच के परिजनों को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. वहीं पूर्व मुखिया फागूलाल साह ने 11 हजार रुपये तथा सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष झगरु यादव और सरपंच अरविंद श्रीवास्तव ने 5,100 रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की.
ग्रामीणों ने सरपंच संघ और जनप्रतिनिधियों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील कदम बताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











