चेहल्लुम पर्व को लेकर महाराजगंज में शांति समिति की बैठक, ताजिया जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल एसडीपीओ, थानाध्यक्ष,सीओ व अन्य

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

महाराजगंज में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. ताजिया जुलूस निकालने से पहले प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की बात कही गई.

विज्ञापन

Siwan News: चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को महाराजगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ अमन ने की. इस दौरान ताजिया जुलूस के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की गयी.

विज्ञापन

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ अमन ने कहा कि चेहल्लुम पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस निकालने वाली सभी समितियों को प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना अनुमति किसी भी जुलूस को निकालने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही निकाले जाएंगे.

अफवाहों से बचने की अपील, सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी

एसडीपीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी. भड़काऊ पोस्ट करने, अफवाह फैलाने या किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान डीजे बजाने, हथियारों का प्रदर्शन करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

जुलूस मार्गों पर तैनात रहेंगे पुलिस बल और जवान

एसडीपीओ ने बताया कि चेहल्लुम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे. जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सादे लिबास में जवानों की तैनाती की जाएगी. संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी.

उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर जुलूस मार्ग पर निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को नियंत्रित किया जाए, ताकि किसी तरह की परेशानी उत्पन्न न हो.

बैठक में कई अधिकारी व गणमान्य लोग रहे मौजूद

बैठक में अंचलाधिकारी जितेंद्र पासवान, थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, एसआई अमरेंद्र कुमार, सुप्रिया कुमारी, हरेंद्र कुमार सहित जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया.

Alos Read : डेहरी EO हत्याकांड: गाड़ी में विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला, ड्राइवर गिरफ्तार; DM बोले- मेडिकल टीम बनाई...


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन