डेहरी EO हत्याकांड: गाड़ी में विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला, ड्राइवर गिरफ्तार; DM बोले- मेडिकल टीम बनाई...

Updated:
विज्ञापन
डेहरी EO विमल कुमार हत्याकांड का पर्दाफाश: बारुण में गाड़ी में विवाद के बाद चालक ने लोहे की रॉड से मारकर की थी हत्या, गिरफ्तार

औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. मृतक अधिकारी के चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जिसने कथित तौर पर गाड़ी में हुए विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला किया था. घटना पर रोहतास DM ने भी बयान दिया है.

विज्ञापन

Dehri Nagar Parishad EO Murder : औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए खुलासा किया है. इस वारदात में पुलिस ने मृतक अधिकारी के ही चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच रास्ते में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद चालक ने वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस अब भी इस मामले को सिर्फ आपसी झगड़ा मानने के बजाय अन्य एंगल से भी जांच कर रही है.

पटना जाने के दौरान हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, विमल कुमार अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से डेहरी से पटना जा रहे थे. वे बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल और लख डीहरा के बीच नहर मार्ग से गुजर रहे थे. इसी दौरान सुनसान इलाके में किसी बात को लेकर अधिकारी और चालक मिथिलेश कुमार के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

बताया जा रहा है कि विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते हिंसक हो गया. आरोप है कि गुस्से में आकर चालक ने गाड़ी में रखी लोहे की रॉड उठा ली और विमल कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.

चालक की गिरफ्तारी, पूछताछ जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उससे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या यह घटना अचानक हुई या इसके पीछे कोई पहले से तनाव चल रहा था.

रोहतास DM का बयान

रोहतास जिलाधिकारी ने बताया कि औरंगाबाद में हुए EO विमल कुमार हत्याकांड की सूचना शनिवार रात करीब 10:30 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड का गठन कर वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.

View on Instagram

डीएम ने यह भी कहा कि पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है, लेकिन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.

सिर्फ विवाद या बड़ी साजिश

हालांकि मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी इसे पूरी तरह साधारण विवाद का परिणाम मानकर संतुष्ट नहीं है. जांच टीम इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इस हत्या के पीछे कोई गहरी साजिश या प्रशासनिक रंजिश तो नहीं थी.

रोहतास और औरंगाबाद दोनों जिलों के वरीय अधिकारी भी इस केस पर नजर बनाए हुए हैं. तकनीकी जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है.


विज्ञापन
Rajuranjan Kumar

लेखक के बारे में

By Rajuranjan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन