Sitamarhi Fake Encounter Protest: फर्जी एनकाउंटर के खिलाफ सड़क पर उतरा सवर्ण समाज, भरत भूषण को दी श्रद्धांजलि
करणी, परशुराम और ब्रह्मर्षि सेना का कैंडल मार्च
Sitamarhi Fake Encounter Protest: कथित फर्जी एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण के समर्थन में सवर्ण समाज ने कैंडल मार्च निकाला. करणी, परशुराम और ब्रह्मर्षि सेना ने पुलिस पर साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. जानिए पूरी खबर…
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitamarhi Fake Encounter Protest: बिहार में हुए कथित फर्जी एनकाउंटर के खिलाफ सवर्ण समाज का गुस्सा फूट पड़ा है. सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण की मौत के विरोध में और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने शहर में जोरदार कैंडल मार्च निकाला. यह मार्च गोयनका कॉलेज से शुरू होकर वीर कुंवर सिंह चौक तक गया. इस प्रदर्शन में परशुराम सेना, ब्रह्मर्षि सेना और श्री राजपूत करणी सेना सहित कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
पुलिस पर लगा साजिशन हत्या का आरोप
कैंडल मार्च का नेतृत्व करणी सेना के जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी सिंह ने किया, जबकि संचालन परशुराम सेना के अध्यक्ष हर्षवर्धन मिश्रा ने किया. मार्च के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण की एक मामूली नोकझोंक को पुलिस ने एनकाउंटर का रूप दे दिया. आनंद बिहारी सिंह ने इसे पूरी तरह पूर्व प्रायोजित घटना बताया. वहीं हर्षवर्धन मिश्रा ने मामले में संलिप्त पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा चलाने और सवर्णों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने की मांग की.
उच्च स्तरीय जांच और सीबीआई जांच की मांग
ब्रह्मर्षि सेना के अवनीश कुमार और करणी सेना के उपाध्यक्ष विमल सिंह ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में सवर्ण समाज को साजिशन टारगेट किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भरत भूषण पर पहले से कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था, फिर भी उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. संगठनों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच और सीबीआई से जांच कराने की मांग उठाई है. इस मौके पर सत्यम सिंह, प्रणव कुमार, अभिषेक कुमार, प्रभात झा, निखिल झा समेत दर्जनों युवा मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










